पलामू में स्कूल बंद कर शिक्षिका का निर्दलीय प्रत्याशी के लिए चुनाव प्रचार, चुनाव आयोग पहुंचा मामला
पलामू में स्कूल बंद कर शिक्षिका का निर्दलीय प्रत्याशी के लिए चुनाव प्रचार, चुनाव आयोग पहुंचा मामला
पलामू, 12 नवंबर (हि.स.)। शिक्षक का काम स्कूल में बच्चों को पढ़ना है लेकिन पलामू जिले के पांकी प्रखंड के छोटकी आसेहार उत्क्रमित मध्य विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुनैना देवी स्कूल बंद कर पांकी विधानसभा सीट के निर्दलीय प्रत्याशी देवेंद्र सिंह उर्फ बिट्टू सिंह के पक्ष में चुनाव प्रचार करते नजर आयी। यहीं नहीं शिक्षिका ने कई महिलाओं को 500-500 रुपये और ट्रक छाप का पर्चा वितरण किया गया, जिसका वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि हिन्दुस्तान समाचार एजेंसी नहीं करती है।
बताया जाता है कि शिक्षिका सुनैना देवी को चुनाव ड्यूटी में नहीं लगाया गया है। शिक्षिका सुनैना देवी ने पांकी प्रखंड के महुगांई गांव की अशोक रजक की पत्नी के साथ मिलकर महिला समूह के नाम पर गांव की महिलाओं को इकट्ठा कर निर्दलीय प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। शिक्षिका सुनैना महिलाओं को निर्दलीय प्रत्याशी देवेंद्र सिंह उर्फ बिट्टू सिंह को वोट देने की बात कर कर रही है, जो वायरल वीडियो में साफ सुनाई दे रहा है। शिक्षिका सुनैना देवी ने महिलाओं को पैसे के साथ पर्चा भी दिया।
वायरल वीडियो में शिक्षिका सुनैना देवी के साथ एक लड़का नजर आ रहा है, जो महिलाओं को पर्चा दे रहा है और ट्रक छाप पर वोट देने के लिए महिलाओं पर दबाव बना रहा है। बताया जाता है कि वायरल वीडियो में जो लड़का दिखाई दे रहा है वह निर्दलीय प्रत्याशी देवेंद्र सिंह उर्फ बिट्टू सिंह के सक्रिय कार्यकर्ता है। चर्चा है कि सुनैना देवी पूर्व विधायक की करीबी है।
इधर, पत्रकारों की टीम जब 2.48 बजे छोटकी आसेहार उत्क्रमित मध्य विद्यालय पहुंची तो पाया कि स्कूल में ताला लगा हुआ है। आसपास के लोगों ने कहा कि स्कूल खुला था लेकिन पूर्वाहन 11 के बाद बंद कर मैडम निर्दलीय प्रत्याशी देवेंद्र सिंह उर्फ बिट्टू सिंह के पक्ष में प्रचार करने क्षेत्र में चली गई। ग्रामीणों ने बताया कि मैडम सुनैना देवी हमेशा इसी तरह स्कूल बंद कर चुनाव प्रचार में ही व्यस्त रहती हैं। बच्चे सिर्फ एमडीएम खाने के लिए स्कूल जाते हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि जब कोई विरोध करता है तो मैडम लोगों को झूठे केस में फंसाने की धमकी देती है। जिसके कारण लोग कुछ नहीं बोलते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि सुनैना मैडम पूर्व विधायक बिट्टू सिंह के करीबी हैं, जिसके कारण शिकायत के बाद भी अधिकारियों द्वारा उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। स्कूल की हालत भी बद से बदतर है। विद्यालय विकास मद की राशि से रंगरोगन के नाम पर खानापूर्ति की गई है। यदि उच्च स्तरीय जांच की जाए तो लाखों रुपये का घोटाला सामने आएगा। एक शिक्षक राजेश सिंह चुनाव ड्यूटी में हैं। इस पूरे मामले में चुनाव आयोग से शिकायत की गई है।
इस बाबत प्रखंड शिक्षा प्रसाद पदाधिकारी परमेश्वर साहू ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। मामले की सत्यता की जांच की जाएगी और सही पाए जाने पर शिक्षिका पर निश्चित कार्रवाई की जाएगी। किसी भी कीमत में सरकारी या पारा शिक्षक किसी प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार नहीं कर सकते। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त शशि रंजन ने दूरभाष पर बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। जांच के आदेश दिये गये हैं। जांच के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षिका पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। किसी भी कीमत में इस तरह का कार्य करने वाले शिक्षक या सरकारीकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा। मामला बेहद गंभीर है।
—————









