राजस्‍थान से धरे गए पुलिस कमिश्नर की फर्जी आईडी बनाकर ठगी करने वाले दाे शातिर 

राजस्‍थान से धरे गए पुलिस कमिश्नर की फर्जी आईडी बनाकर ठगी करने वाले दाे शातिर 

भोपाल, 09 नवंबर (हि.स.)। मप्र की राजधानी भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्रा के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लम्‍बे समय से लोगों के साथ ठगी करने वाले दो शातिर बदमाशों को भोपाल क्राइम ब्रांच की टीम ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। दोनों की कुंडली खगालने पर जानकारी मिली है कि ये अब तक कई अधिकारियों एवं तमाम रसूखदार लोगों को चूना लगा चुके हैं। ये पहले बड़े पदों पर पदस्थ अधिकारियों के फोटो एवं नाम से फर्जी फेसबुक आईडी तैयार करते हैं, फिर उसका इस्‍तमाल करते हुए उन अधिकारी या प्रमुख लोगों से जुड़े लोगों को अपने सोशल मीडिया अकाउंट में जाेड़ते और फिर दोस्‍ती करने के साथ ही इनका फर्जीवाड़ा शुरू हो जाता।

इस तरह से जब इन्‍होंने भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्रा के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों को ठगा और इसकी जानकारी पुलिस कमिश्नर मिश्रा को हुई, तब फिर क्राइम ब्रांच ने इन्‍हें पकड़ने के लिए जाल बिछाया, जिसमें गिरफ्त में आए आरोपित के नाम 24 वर्षीय शकील पुत्र आशु उर्फ़ आश मोहम्मद निवासी नगला बंजरिका सदन का बांस थाना बगड़ तिराहा और इसके दूसरे साथी 26 वर्षीय सुनील कुमार पुत्र सूरज कुमार निवासी नगला बंजरिका सदन का बांस थाना बगड़ तिराहा शामिल है।

पुलिस ने जानकारी दी है कि भोपाल क्राइम ब्रांच को आरोपितों से लगभग 100 लोगों से ज्‍यादा लोगों से धोखाधड़ी करने के सबूत मिले हैं। यह दोनों ठग बहुत शातिर हैं, यह अधिकारियों के संबंध में ट्रांसफर होने का बताकर सस्ते दामों में फर्नीचर बेचने का झांसा देते थे। इसके बाद बिल बनवाने और फर्नीचर ट्रांसपोर्ट से भेजने के नाम पर लोगों से पैसे अपने बताए खातों में स्‍थानान्‍तरित करवा लेते। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

—————