कार ने स्कूटी में मारी टक्कर, युवक की मौत
कार ने स्कूटी में मारी टक्कर, युवक की मौत
जालौन, 02 नवम्बर (हि.स.)। उरई-जालौन राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार कार ने शुक्रवार की रात को एक स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यह दुर्घटना जालौन कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत उरई-जालौन राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ग्राम अकोड़ी दुबे के पास हुई है। मोहल्ला दलालनपुरा निवासी अमित कुमार गौतम (25) शुक्रवार की रात उरई निजी काम से गया था। जब वह देर रात को अपने घर जालौन लौट रहा था, तभी अकोड़ी दुबे गांव के पास तेज रफ्तार कार (यूपी 92 एन 4737) ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। वाहन के टकराने से अमित गाड़ी सहित खाई में जा गिरा। वहीं कार भी अनियंत्रित होकर खंती में जा गिरी।
पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायल अमित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंचे, जिनका रो-रोकर हाल बेहाल है। पुलिस मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई कर रही है।









