jh-29-youths-trained-vegetable-farming-nursery-man

खूंटी में 29 युवाओं ने लिया सब्जी खेती और नर्सरी प्रबंधन का प्रशिक्षण

खूंटी, 10 अक्टूबर । बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), खूंटी में सिल्दा और कालमाटी गांव के 29 युवाओं के लिए आयोजित 12 दिवसीय सब्जी खेती एवं नर्सरी प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को समापन हुआ। 29 सितंबर से शुरू हुए इस प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को आधुनिक कृषि तकनीकों के साथ स्वरोजगार और उद्यम प्रबंधन की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान लातेहार से आए मुख्य प्रशिक्षक हरेन्द्र कुमार ने प्रशिक्षुओं को उन्नत खेती के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने पौधारोपण, सब्जियों की रोपाई के उचित समय और तरीके, टपक सिंचाई (ड्रिप इरीगेशन), मधुमक्खी पालन, उन्नत बीजों के उपयोग तथा जैविक और कम्पोस्ट खाद तैयार करने की जानकारी दी। साथ ही फसलों को कीटों और मौसमी प्रभावों से बचाने के व्यावहारिक तरीके भी सिखाए।

आरसेटी के वरिष्ठ संकाय एवं फैसिलेटर सुशील कुमार ने युवाओं को व्यावसायिक गतिविधियों, बाजार प्रबंधन, सफल उद्यमी के गुणों और बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं, विशेषकर प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की शिशु, किशोर और तरुण श्रेणियों से जोड़ने की पहल की जाएगी। इस दौरान सभी प्रशिक्षुओं के किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण आवेदन भी भरवाए गए।

समापन समारोह में आरसेटी के निदेशक बसंत कुमार हजाम और वरिष्ठ संकाय सुशील कुमार ने सभी 29 सफल प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए। उन्होंने युवाओं को प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का उपयोग कर कृषि आधारित उद्यम शुरू करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

निदेशक बसंत कुमार हजाम ने बताया कि संस्थान की ओर से अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर में महिला दर्जी, सुकर पालन और मोबाइल रिपेयरिंग के नए निःशुल्क प्रशिक्षण बैच शुरू किए जाएंगे।————