समाधान दिवस में अवैध कब्जे की शिकायत सबसे ज्यादा
समाधान दिवस में अवैध कब्जे की शिकायत सबसे ज्यादा
जालौन, 26 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद में शनिवार के दिन लगने वाले समाधान दिवस में इस बार सबसे ज्यादा शिकायतें अवैध कब्जे काे लेकर थींं। जिलाधिकारी ने मामले को संज्ञान में लेकर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डाॅ. दुर्गेश कुमार ने कोतवाली उरई में आयोजित थाना समाधान दिवस के मौके पर जन शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनकर सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
उन्होंने पूर्व में निस्तारित की गईं शिकायतों एवं आईजीआरएस पंजिका का भी अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अवैध रूप से कब्जाई सरकारी संपत्ति, रास्ता एवं तालाब चारागाह आदि को अभियान चलाकर कब्जा मुक्त कराया जाए। उन्होंने राजस्व विभाग के समस्त लेखपालों, कानूनगो एवं नायब तहसीलदारों को निर्देश दिए कि सरकार की प्राथमिकताओं वाले कार्यों को गम्भीरतापूर्वक समयबद्ध पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि भूमि विवादित सम्बंधित मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त रूप से टीम मौके पर पहुंचकर कार्यवाही करें। संतुष्ट एवं असंतुष्ट फीडबैक का अलग-अलग रजिस्टर बनाए जाएं। थाना प्रभारी स्वयं इसका अवलोकन कर निस्तारण करें।
पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्षों को निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को गुणवत्तापूर्वक निस्तारित किया जाए। प्राप्त शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। शिकायतकर्ता को परेशान न होना पड़े। उन्होंने कहा कि फरियादियों को किसी भी प्रकार की समस्या न होने पाए। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी उमेश कुमार पाण्डेय, थानाध्यक्ष अजय ब्रह्म दत्त तिवारी, आदि सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।









