मुरादाबाद में डेंगू का मरीज मिलने से हड़कंप, दिल्ली मैक्स में भर्ती

मुरादाबाद में डेंगू का मरीज मिलने से हड़कंप, दिल्ली मैक्स में भर्ती

मुरादाबाद, 10 सितम्बर (हि.स.)। जिले में डेंगू के केस मिलने शुरू हो गए हैं। महानगर के सिविल लाइंस क्षेत्र के रामगंगा विहार कॉलोनी में 28 वर्षीय युवती मंगलवार को डेंगू पॉजिटिव पाई गई है। निजी पैथोलॉजी लैब में कराई गई एलाइजा जांच से उसमें डेंगू की पुष्टि हुई है। महिला के पति ने बताया कि तेज बुखार व डेंगू पॉजिटिव होने के कारण पत्नी को दिल्ली के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया है।

वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अब तक महिला के घर फोन कर कोई जानकारी नहीं ली है। महिला के पति का कहना है कि उनके घर व कॉलोनी में अब तक एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग नहीं हुई है। उन्होंने एहतियातन परिवार के अन्य सदस्यों की भी जांच कराई है।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस केस के बारे में बुधवार को जानकारी कराई जाएगी। ज्ञात हो कि अब तक जिले में 15 डेंगू व 15 मलेरिया के मरीज मिल चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक इनमें कुछ मरीज बाहर के जिलों के हैं, जिन्होंने मुरादाबाद में जांच कराई।