उत्तरकाशी भूस्खलन: जिलाधिकारी ने विस्तृत सर्वेक्षण के लिए गठित की तकनीकी समिति
उत्तरकाशी भूस्खलन: जिलाधिकारी ने विस्तृत सर्वेक्षण के लिए गठित की तकनीकी समिति
उत्तरकाशी, 28 अगस्त (हि.स.)। उत्तरकाशी में बीती रात भारी बारिश के कारण वहां स्थित वरुणावत पर्वत से अचानक भूस्खलन होने की वजह से आवासीय क्षेत्र के आसपास बोल्डर और मलबा गिर गया। इससे निचले क्षेत्रों में देर रात अफरातफरी मच गई। प्रशासन ने तुरंत राहत बचाव कार्य शुरू किया। भूस्खलन से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया। इस बीच जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने इस क्षेत्र में सुरक्षा के दृष्टिगत विस्तृत सर्वेक्षण के लिए एक तकनीकी समिति गठित की है।
जिला अधिकारी डॉ मेहरबान सिंह बिष्ट ने बताया कि तकनीकी टीम को विस्तृत सर्वेक्षण रिपोर्ट आज शाम तक प्रस्तुत करने को कहा है। समिति में उप जिलाधिकारी भटवाडी वृजेश तिवारी, उप निदेशक/भू-वैज्ञानिक जिला टॉस्क फोर्स उत्तरकाशी जीडी प्रसाद, अधिशासी अभियन्ता प्रान्तीय खण्ड लोनिवि उत्तरकाशी, अधिशासी ईई रजनीश कुमार, अभियन्ता सिंचाई खण्ड उत्तरकाशी के एस चौहान, उप प्रभागीय वनाधिकारी उत्तरकाशी वन प्रभाग उत्तरकाशी. नेहरू पर्वतारोहण संस्थान उत्तरकाशी के प्रतिनिधि, निरीक्षक एसडीआरएफ उत्तरकाशी, टीम लीडर एनडीआरएफ उत्तरकाशी तथा कनिष्ठ अभियन्ता जनपद आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण उत्तरकाशी को शामिल किया गया है।
जिलाधिकारी ने इस समिति को प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण एवं सर्वेक्षण कर बोल्डर एवं पत्थर गिरने का कारण, प्रभाव, तथा तत्कालिक एवं दीर्घकालीन उपाय एवं बोल्डर-पत्थरों से प्रभावित होने वाले क्षेत्र आदि के सम्बन्ध में संयुक्त विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं। समिति के सदस्य मौके पर पहुंच कर सर्वेक्षण कार्य में जुट गए हैं।
पूर्व विधायक सजवाण ने किया स्थलीय निरीक्षण
पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से मुलाकात की। उन्होंने प्रशासन से वार्ता कर संवेदनशील स्थानों से लोगों को जल्द सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का आग्रह किया। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में अतिवृष्टि से हुए नुकसान का पूरा आंकलन करने व प्रभावितों को हर संभव मदद पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन व सम्बन्धित विभाग पुरी मुस्तैदी से काम कर रहा है। इस मुश्किल वक्त में हम सब हर परिस्थिति में प्रभावितों के साथ खड़े हैं।









