trump-philippines-ai-project

ट्रंप के फिलीपींस पहुंचने से पहले अमेरिकी एआई परियोजना के खिलाफ प्रदर्शन

मनीला (फिलीपींस), 17 नवंबर । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की फिलीपींस यात्रा से पहले देश में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। इन प्रदर्शनों की मुख्य वजह मनीला के उत्तर में प्रस्तावित कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और औद्योगिक केंद्र है। स्थानीय लोग इस परियोजना का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि इससे उनकी जमीन, आजीविका और प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंच सकता है।

सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, यह परियोजना अमेरिका की अगुवाई वाली अंतरराष्ट्रीय पहल ‘पैक्स सिलिका’ का हिस्सा है। इस पहल का उद्देश्य चीन पर निर्भरता कम करना और आधुनिक तकनीक से जुड़े उद्योगों के लिए दूसरे देशों में मजबूत आपूर्ति व्यवस्था तैयार करना है। इसके तहत फिलीपींस में 4,000 एकड़ से अधिक क्षेत्र में औद्योगिक केंद्र बनाने की योजना है।

सोमवार को मनीला में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ‘ट्रंप वापस जाओ’ जैसे नारे लिखे पोस्टर और बैनर लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति के दौरे का विरोध किया। कुछ पोस्टरों में ट्रंप को जोकर और शैतान के रूप में भी दिखाया गया। लोगों ने पैक्स सिलिका परियोजना को खारिज करने की मांग की।

इस परियोजना के विरोधियों का कहना है कि औद्योगिक केंद्र बनने से किसानों और वहां रहने वाले आदिवासी एटा समुदाय को अपनी जमीन छोड़नी पड़ सकती है। इससे इलाके की जलापूर्ति पर भी बुरा असर पड़ने की आशंका है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि यह परियोजना फिलीपींस में अमेरिकी दबदबा बढ़ाने की कोशिश है।

एटा समुदाय के बीच काम करने वाले शिक्षक और वकील मैनिंगिंग विलोग ने कहा, “वे हमारी जमीन छीन रहे हैं। वे हमारी अर्थव्यवस्था पर कब्जा कर रहे हैं। पैक्स सिलिका केवल अमेरिका के हित में है, हमारे लिए नहीं।” प्रदर्शन में शामिल 20 वर्षीय कैसर कॉर्टिना ने भी परियोजना पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों के लिए एआई से ज्यादा जरूरी रोजमर्रा की जरूरतें हैं। किसानों, पानी और सिगरेट बेचकर गुजारा करने वालों तथा बस चलाने वालों को एआई से क्या लेना-देना है?

दूसरी ओर, फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर इस परियोजना का समर्थन कर रहे हैं। अक्टूबर में उन्होंने कहा था कि इस योजना से देश को आर्थिक रूप से बड़ा लाभ मिल सकता है। उनके मुताबिक, इससे फिलीपींस को आधुनिक तकनीक से जुड़े उद्योगों और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। मार्कोस सरकार का दावा है कि इस परियोजना से देश में एक लाख से लेकर एक लाख 30 हजार तक रोजगार पैदा हो सकते हैं।

अमेरिकी विदेश विभाग ने दिसंबर 2025 में पैक्स सिलिका पहल की घोषणा की थी। इसके बाद 25 से अधिक देश इस पहल से जुड़ चुके हैं। इनमें ब्रिटेन, इजराइल, जापान और भारत भी शामिल हैं। फिलीपींस ने अप्रैल में इस पहल पर सहमति जताई थी। इसके बाद वहां औद्योगिक केंद्र बनाने की योजना सामने आई।

अमेरिका लंबे समय से कृत्रिम बुद्धिमत्ता के लिए जरूरी उपकरणों और सेमीकंडक्टर चिप की आपूर्ति को लेकर चिंतित रहा है। उसकी चिंता है कि चीन को अत्याधुनिक चिप हासिल करने का मौका मिल सकता है। इसी वजह से अमेरिका ऐसे देशों के साथ औद्योगिक सहयोग बढ़ाना चाहता है, जो इस क्षेत्र में चीन पर निर्भरता कम करने में मदद कर सकें।

हाल में यह मुद्दा फिर चर्चा में आया है। खबरों के अनुसार, एनवीडिया के पूर्व प्रमुख जेन्सेन हुआंग के संबंध एक ऐसी कारोबारी महिला से सामने आए हैं, जिस पर चीन की खुफिया एजेंसी से जुड़े होने का संदेह है। उसकी कंपनी की चिप की तस्करी के आरोपों में जांच की जा रही थी। हालांकि, संबंधित कंपनी ने चिप की तस्करी के आरोपों से इनकार किया है।

रविवार को पैक्स सिलिका से जुड़े देशों ने एक घोषणा-पत्र पर हस्ताक्षर किए। इसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़ी आपूर्ति व्यवस्था, संवेदनशील तकनीक और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को लेकर साझा समझ विकसित करने की बात कही गई है।

अमेरिकी और फिलीपींस के अधिकारियों के मुताबिक, इस सप्ताह मनीला में होने वाले आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप की यात्रा में पैक्स सिलिका को लेकर किसी बड़ी घोषणा की उम्मीद नहीं है। ट्रंप के बुधवार को फिलीपींस के राष्ट्रपति मार्कोस से मुलाकात करने की संभावना है। इसके बाद वह चीन के लिए रवाना होंगे। सीबीएस न्यूज ने इस मामले पर अमेरिकी विदेश विभाग से भी प्रतिक्रिया मांगी है।

फिलीपींस की संसद के निचले सदन के सदस्य एंटोनियो टिनियो ने कहा कि पैक्स सिलिका को लेकर संसद में किसी विशेष मतदान की योजना नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि अभी यह तय नहीं है कि प्रस्तावित औद्योगिक केंद्र का निर्माण शुरू हो पाएगा या परियोजना सफल होगी। टिनियो के अनुसार, मनीला में इस परियोजना का विरोध केवल फिलीपींस तक सीमित नहीं है। अमेरिका सहित दुनिया के कई देशों में एआई डेटा केंद्रों के निर्माण का विरोध हो रहा है।

उन्होंने कहा, “एआई डेटा केंद्रों का विरोध दुनिया भर में हो रहा है। अमेरिका के चुनाव में भी यह एक बड़ा मुद्दा था। मलेशिया और इंडोनेशिया सहित दक्षिण-पूर्व एशिया के कई देशों में भी इसका विरोध हो रहा है। फिलीपींस भी इससे अछूता नहीं है।”

द मनीला टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार को एशिया के दौरे पर निकले हैं। इस दौरान उनका मुख्य ध्यान आर्थिक समझौतों और रूस तथा चीन के साथ होने वाली ऐतिहासिक त्रिपक्षीय परमाणु वार्ता पर रहेगा, जबकि वाशिंगटन में उनका प्रशासन नई राजनीतिक परिस्थितियों के हिसाब से खुद को ढाल रहा है। एयर फोर्स वन में सवार होने से पहले उन्होंने कहा कि चीन में उनकी मुलाकात किम जोंग उन से हो सकती है, क्योंकि अमेरिका उत्तर कोरिया के साथ उसके परमाणु कार्यक्रम को लेकर फिर से बातचीत शुरू करना चाहता है। ट्रंप के आज मनीला पहुंचने की संभावना है।

ट्रंप ने यह भी कहा कि चीन में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी नेता व्लादिमीर पुतिन के साथ होने वाली अपनी अहम बैठक में वह यूक्रेन में रूस के लगभग 5 साल से चल रहे युद्ध के बारे में भी बात करेंगे। एशिया के लिए रवाना होने से पहले सोमवार सुबह व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, “हम मेरे पसंदीदा विषय, यूक्रेन के बारे में बात करेंगे। यूक्रेन अपना ही देश खो रहा है।” उन्होंने कहा, “रूस के हर महीने 25,000 सैनिक मारे जा रहे हैं। इसलिए हम इस बारे में भी चर्चा करेंगे।”

ट्रंप ने संकेत दिया है कि वह नेताओं के साथ युद्ध के बारे में बात करेंगे। इससे पहले शुक्रवार को उनके प्रशासन के अधिकारियों ने पत्रकारों को बताया था कि ट्रंप अपने चीनी और रूसी समकक्षों के साथ परमाणु निरस्त्रीकरण और ईरान युद्ध पर चर्चा करेंगे, लेकिन रूस-यूक्रेन युद्ध के मुद्दे से दूर रहेंगे। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने पुतिन और शी के साथ ट्रंप की इस प्रस्तावित मुलाकात को लेकर चिंता जताई है। उन्हें डर है कि ये तीनों नेता इस मौके का इस्तेमाल दुनिया में अपने प्रभाव के क्षेत्रों को फिर से तय करने के लिए कर सकते हैं।