jh-railway-employee-krishna

सड़क हादसे में चक्रधरपुर रेल मंडल के कर्मचारी की मौत

पश्चिमी सिंहभूम, 16 नवंबर । जिला स्थित चाईबासा-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग पर शारदा गांव के समीप हुए सड़क हादसे में चक्रधरपुर रेल मंडल के करीब 45 वर्षीय कर्मचारी कृष्ण कुमार सिंह की मौत हो गई। वे चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर पर कार्यरत थे। दुर्घटना में उनकी मौत की सूचना मिलते ही रेल मंडल के कमर्शियल विभाग सहित सहकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार कृष्ण कुमार सिंह रविवार की रात ड्यूटी समाप्त करने के बाद चक्रधरपुर से जमशेदपुर स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान शारदा गांव के पास वह सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। सड़क से गुजर रहे ग्रामीणों ने उन्हें घायल हालत में देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चाईबासा पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा ले गई, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही चक्रधरपुर रेल मंडल में उनके सहकर्मियों को दी गई। कई रेलकर्मी सदर अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी मिलने पर स्तब्ध रह गए। सहकर्मियों के अनुसार कृष्ण कुमार सिंह जुलाई में भी सड़क दुर्घटना का शिकार हुए थे। उस हादसे में वे बेहोश हो गए थे। होश में आने के बाद उन्हें अपने कई सामान के गायब होने की जानकारी मिली थी।

हालांकि रविवार रात हुई दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि कृष्ण कुमार सिंह सड़क किनारे किस तरह घायल हुए और हादसे में किसी वाहन की संलिप्तता थी या नहीं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।