drug-smugglers-vehicle-seized

सिरसा: छह किलोग्राम चूरा पोस्त तस्करी केस में नशा तस्कर की गाड़ी सीज

सिरसा, 05 नवंबर । पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए एक तस्कर की इनोवा कार को सीज किया है। आरोपी तस्कर के खिलाफ हरियाणा के अलावा पंजाब में भी नशा तस्करी के केस दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार सीज की गई कार की कीमत 15 लाख रुपये आकी गई है।

पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने गुरुवार को बताया कि रानियां थाना पुलिस ने आरोपी की संपत्ति का पूरा रिकॉर्ड जुटाकर सक्षम प्राधिकारी एवं राजस्व विभाग, दिल्ली को भेजा था। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों के नाम दर्ज संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश जारी किए गए हैं। संबंधित विभागों को नोटिस भी भेज दिए गए हैं। अब इन संपत्तियों को बेचना या किसी अन्य के नाम हस्तांतरित करना संभव नहीं होगा।

एसपी ने बताया कि दविंदर के खिलाफ सिरसा जिले के रानियां थाना में 56 किलोग्राम चूरा पोस्त तस्करी का मामला दर्ज हुआ था। इसके अलावा पंजाब के बठिंडा जिले के संगत थाना में अफीम तस्करी का मामला भी दर्ज है। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि नशा तस्करी से अर्जित चल-अचल संपत्ति का पूरा ब्यौरा जुटाएं। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस ने रोडमैप तैयार किया है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और नशे की काली कमाई पर कानून का शिकंजा लगातार कसा जाएगा।