मप्र: मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को मुरैना जिले के ग्राम करुआ में स्वामित्व योजना के हितग्राहियों से करेंगे संवाद
भोपाल, 05 नवंबर । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार, 6 नवम्बर को मुरैना जिले के ग्राम करुआ में स्वामित्व योजना के अंतर्गत ग्रामीणों को उनकी सम्पत्ति का मालिकाना हक दिलाने और सम्पत्ति संबंधी अधिकारों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाये जा रहे अभियान में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव स्वामित्व योजना के हितग्राहियों से संवाद भी करेंगे। साथ ही मुरैना जिले के स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
जनसंपर्क अधिकारी मधु सोलापुरकर ने गुरुवार काे जानकारी देते हुए बताया कि स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीण आबादी क्षेत्र में स्थित मकानों एवं अन्य सम्पत्तियों के पात्र हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख एवं सम्पत्ति स्वामित्व संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराये जा रहे हैं। इससे ग्रामीण परिवारों को अपनी सम्पत्ति का कानूनी अधिकार प्राप्त होगा। साथ ही उन्हें आर्थिक गतिविधियों एवं वित्तीय सुविधाओं का लाभ लेने में भी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर शुक्रवार 6 नवम्बर से ग्रामीणों को स्वामित्व योजना का लाभ देने के लिये मंत्री, सांसद एवं विधायक गांव में पहुंचकर अपनी उपस्थिति में शत-प्रतिशत रजिस्ट्री पूर्ण करायेंगे। प्रदेश में अब तक लगभग 15 लाख 98 हजार 46 रजिस्ट्रियां की जा चुकी हैं और 15 नवम्बर तक 20 लाख रजिस्ट्रियां पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है। इस अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को उनकी सम्पत्तियों का वैधानिक मालिकाना हक दिलाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।










