आमकोना और चंपानगर में समस्या निवारण शिविर, 55 ग्रामीणों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
बलरामपुर, 05 नवंबर । जिले में स्वास्थ्य पोषण सेवा संगम के तहत गुरुवार को शंकरगढ़ विकासखंड के बहुउद्देशीय केंद्र आमकोना और कुसमी विकासखंड के चंपानगर में जनसंपर्क समस्या निवारण शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। इस दौरान दोनों स्थानों पर कुल 55 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।
चंपानगर में आयोजित शिविर में राशन कार्ड में नाम जोड़ने के लिए आठ और पेंशन से संबंधित चार आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा ग्रामीणों ने सीसी रोड और तालाब निर्माण की मांग रखी। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 23 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
वहीं, आमकोना शिविर में नया राशन कार्ड बनाने के लिए एक और राशन कार्ड में नाम जोड़ने के लिए चार आवेदन मिले। ग्रामीणों ने वृद्धावस्था पेंशन और हैंडपंप की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी। यहां आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में 32 लोगों का परीक्षण किया गया।
दोनों शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और विभिन्न योजनाओं से जुड़ी मांगों एवं आवेदनों को दर्ज किया गया।










