सोमेश्वर की जनसभा में बोली आर्या, जनता का विश्वास मेरी सबसे बड़ी पूंजी
अल्मोड़ा, 30 अक्टूबर । सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा में कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक रेखा आर्या शामिल हुईं। इस दौरान हजारों की संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया ।
इस अवसर पर रेखा आर्या ने सोमेश्वर की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विषम परिस्थितियों में जिस तरह क्षेत्र की जनता ने उनके प्रति प्रेम, विश्वास और अपनत्व प्रदर्शित किया है, वह उनके जीवन की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पूंजी है। जनता का यह अपार स्नेह और आशीर्वाद ही उनकी असली ताकत है।
कैबिनेट मंत्री और क्षेत्रीय विधायक रेखा आर्या ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज विपक्ष द्वारा उनकी परिस्थितियों को लेकर अनर्गल सवाल उठाए जा रहे हैं। कांग्रेस को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने कार्यकाल का हिसाब जनता को देना चाहिए।उन्हें अपने गिरेवान में झांकना चाहिए की उनके समय कितने घोटाले हुए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बताए कि सत्ता में रहते हुए उसने सोमेश्वर और प्रदेश के विकास के लिए क्या किया।
कहा कि जनता आज विपक्ष से उसके कार्यकाल का जवाब मांग रही है।उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप से जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता।
भाषण के दौरान उन्होंने यहां तक कहा कि जो आरोप उन पर लगाए जा रहे हैं और विपक्ष उसे भुनाने की कोशिश कर रहा है यदि वह सही हुए तो वह इस्तीफा दे देंगी क्या विपक्ष ऐसा वादा कर सकता है, यह जबाबदेही भी तय होनी चाहिए।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सोमेश्वर की जनता की समस्याओं का समाधान, क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और जनहित के कार्य उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेंगे।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष महेश नयाल,सोमेश्वर मंडल अध्यक्ष सुन्दर राणा, गणेश जलाल, दीपक बोरा, हरीश परिहार, जिला मंत्री वंदना आर्या, पूर्व मंडल अध्यक्ष खड़क सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष अंजलि जोशी, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष दिनेश वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष विश्व हिन्दू महासंघ राजू रावत, गणेश रोतेला सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनता उपस्थित रही।










