सीएसआईआर-सीबीआरआई ने विकसित की इनडोर वायु शुद्धिकरण प्रणाली
हरिद्वार, 29 अक्टूबर ।सीएसआईआर-केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (सीबीआरआई), रुड़की ने इनडोर वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए कॉम्पैक्ट टेबल-टॉप वायु कीटाणुशोधन एवं शुद्धिकरण प्रणाली विकसित की है। यह प्रणाली घरों, अस्पतालों, होटलों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों में वायुजनित संक्रमणों के जोखिम को कम करने में सहायक होगी।
संस्थान द्वारा विकसित इस प्रणाली का व्यावहारिक मूल्यांकन रुड़की के चिरंजीव चिल्ड्रेन हॉस्पिटल, देहरादून रोड में किया जा रहा है। सीएसआईआर-सीबीआरआई के निदेशक प्रो. प्रदीप कुमार ने अस्पताल के निदेशक एवं वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधीर चौधरी को प्रणाली औपचारिक रूप से सौंपी।
संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. ताबिश आलम एवं उनकी टीम द्वारा विकसित इस प्रणाली में विशेष रूप से डिजाइन किया गया गोलाकार स्वर्ल उपकरण लगाया गया है, जो यूवीसी प्रकाश स्रोत के चारों ओर हवा में घूर्णन गति उत्पन्न करता है। इससे हवा का यूवीसी विकिरण क्षेत्र में ठहराव समय बढ़ता है, जिससे कीटाणुशोधन की प्रभावशीलता बेहतर होती है।
प्रणाली का वैज्ञानिक सत्यापन सीएसआईआर-सीडीआरआई, लखनऊ में किया जा रहा है। डॉ. सिद्धार्थ चोपड़ा के मार्गदर्शन में अतुल कृष्ण प्रयोगशाला परिस्थितियों में बैक्टीरिया, वायरस और अन्य सूक्ष्मजीवों के विरुद्ध इसकी प्रभावशीलता का परीक्षण कर रहे हैं।
संस्थान ने बताया कि यह पहल सुरक्षित और स्वस्थ इनडोर वातावरण के लिए नवीन तकनीक विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। प्रयोगशाला परीक्षणों और अस्पताल में क्षेत्रीय मूल्यांकन से प्रणाली के प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा।
इस अवसर पर डॉ. सोहराब जैन, डॉ. नागेश, डॉ. किशोर, डॉ. चंदन, इंजी. आशीष, डॉ. वीणा, आर्किटेक्ट नवीन, अभिषेक सहित संस्थान के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।










