सूरजपुर में मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण पर बैठक, प्रतापपुर क्षेत्र में अनुभाग बदलने पर सहमति
सूरजपुर, 25 अक्टूबर । आगामी विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण को ध्यान में रखते हुए जिले में मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया के तहत रविवार को राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में हुई बैठक में मतदान केंद्रों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा की गई। विधानसभा क्षेत्र प्रतापपुर के अंतर्गत मतदाताओं की सुविधा के लिए कुछ मतदान केंद्रों के अनुभागों के स्थानांतरण पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने सहमति जताई।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रेना जमील के मार्गदर्शन में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम सिंह ठाकुर ने बैठक की अध्यक्षता की। इसमें बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग ने एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के संदर्भ में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के निर्देश दिए हैं।
आयोग के निर्धारित मानकों के अनुसार, जिन मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या 1,200 से अधिक है, जहां मतदाताओं को दो किलोमीटर से अधिक दूरी तय करनी पड़ती है या मतदान केंद्र का भवन जर्जर है, वहां आवश्यक बदलाव के प्रस्ताव तैयार किए जा सकते हैं। इसके अलावा अधिक सुविधाजनक भवन या स्थल उपलब्ध होने पर नया मतदान केंद्र बनाने, भवन अथवा स्थल बदलने, केंद्र विलोपित करने, नाम परिवर्तन करने और अनुभागों के स्थानांतरण जैसे प्रस्तावों पर भी विचार किया गया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, विधानसभा क्षेत्र 4 प्रेमनगर और विधानसभा क्षेत्र 5 भटगांव से आयोग के निर्धारित मानकों के तहत इस पुनरीक्षण में कोई प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ। वहीं, विधानसभा क्षेत्र 6 प्रतापपुर में मतदाताओं की दूरी संबंधी समस्या को देखते हुए तीन अनुभागों के स्थानांतरण का प्रस्ताव रखा गया।
प्रस्ताव के अनुसार, मतदान केंद्र क्रमांक 176 धुमाडांड़-2 के तीसरे अनुभाग के मतदाताओं को मतदान केंद्र क्रमांक 177 धुमाडांड़-3 में स्थानांतरित करने की योजना है। इसी तरह मतदान केंद्र क्रमांक 177 धुमाडांड़-3 के तीसरे अनुभाग के मतदाताओं को मतदान केंद्र क्रमांक 176 धुमाडांड़-2 में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा मतदान केंद्र क्रमांक 240 केवरा-4 के पहले अनुभाग के मतदाताओं को अधिक दूरी तय करने से बचाने के लिए मतदान केंद्र क्रमांक 241 पार्वतीपुर में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव रखा गया।
प्रशासन के अनुसार, प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र में नए मतदान केंद्र बनाने, भवन या स्थल बदलने, मतदान केंद्र विलोपित करने अथवा नाम और अनुभागों के नाम में बदलाव की आवश्यकता नहीं पाई गई। बैठक में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी से प्राप्त प्रस्तावों का अवलोकन कराया गया। प्रस्तावों की समीक्षा के बाद उपस्थित प्रतिनिधियों ने अनुभाग स्थानांतरण के सभी प्रस्तावों पर सहमति प्रदान की।










