uk-simog-dussehra-satpal-maharaj-

दशहरा समारोह में शामिल हुए संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज

देहरादून, 20 अक्टूबर । पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज मंगलवार को जौनसार-बावर क्षेत्र के सिमोग पहुंचे। उन्होंने शिलगुर विजट महाराज के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और दशहरा पर्व के अवसर पर आयोजित धार्मिक, सांस्कृतिक और खेलकूद कार्यक्रमों में भाग लिया।

इस दौरान सतपाल महाराज टौंस वैली युवा विकास समिति की ओर से ग्राम कोटी, खत विशायल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इसके बाद उन्होंने कालसी के हरिपुर स्थित यमुना कृष्णधाम में मां यमुना की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

महाराज ने विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस वर्ष दशहरा पर्व का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के सिरमौर और शिमला जिलों की सीमा पर स्थित सराहन और चूड़धार से आराध्य देव शिरगुल महाराज का विजयादशमी पर सिमोग पहुंचना श्रद्धालुओं के लिए विशेष अवसर है।

उन्होंने कहा कि शिलगुर विजट महाराज के दर्शन के लिए उत्तराखंड के अलावा हिमाचल प्रदेश और अन्य पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस उत्सव में जौनसार-बावर की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिलती है। पारंपरिक वेशभूषा में स्थानीय लोगों के ढोल-दमाऊ की थाप पर लोकनृत्य इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहते हैं।

कार्यक्रम में भीम सिंह चौहान, जबर सिंह नेगी, डॉ. श्याम कुंवर, शांति चौहान, अमित नागी, गीता राम शर्मा, संत राम चौहान, सूरत सिंह चौहान, केशर सिंह चौहान और बीर सिंह चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।