लंबित मांगों को लेकर नर्सों का 21 अक्टूबर से दो घंटे का कार्य बहिष्कार : राजेन्द्र शुक्ल
देवरिया, 20 अक्टूबर । राजकीय नर्सेज संघ, उत्तर प्रदेश ने नर्सिंग संवर्ग की लंबित मांगों के समाधान को लेकर अपना आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र शुक्ला ने मंगलवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि नौ से 20 अक्टूबर तक काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इसके बावजूद मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने से नाराज नर्सिंग अधिकारियों ने अब आंदोलन के अगले चरण की घोषणा की है।
उन्होंने बताया कि 21 अक्टूबर से प्रतिदिन सुबह आठ से दस बजे तक दो घंटे का कार्य बहिष्कार किया जाएगा। वहीं, 22 अक्टूबर को सुबह 11 बजे लखनऊ स्थित महानिदेशालय स्वास्थ्य भवन का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजकीय नर्सेज संघ के अनुसार, नर्सिंग संवर्ग की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान, कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा, सम्मान और न्यायोचित मांगों को पूरा कराने के लिए शासन तथा संबंधित अधिकारियों के समक्ष लगातार आवाज उठाई जा रही है। संघ ने अपनी मांगों को लेकर कई बार ध्यान आकर्षित कराया लेकिन अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने से नर्सिंग अधिकारियों में असंतोष बढ़ रहा है। राजकीय नर्सेज संघ ने शासन और संबंधित अधिकारियों से नर्सिंग संवर्ग की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा जताई है। संघ का कहना है कि सरकार की ओर से समय रहते उचित पहल किए जाने पर आंदोलन समाप्त करने की दिशा में रास्ता निकल सकता है।










