up-hamirpur-panchmi-grand-mata-rani-viman

पंचमी पर निकला माता रानी का भव्य विमान, जयकारों से गूंजा सरीला

हमीरपुर, 15 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शारदीय नवरात्र की पंचमी पर कस्बा सरीला में गुरुवार को माता रानी का भव्य विमान निकाला गया। बड़ी माता मंदिर से शुरू हुआ जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान पूरा नगर माता रानी के जयकारों से गूंज उठा।

जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। जुलूस में बैंड-बाजे और भांगड़ा ढोल की गूंज ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। ढोल की थाप पर घोड़े थिरकते हुए चल रहे थे, वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर सजी आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। स्कूली बच्चों की झांकियों ने भी लोगों का मन मोह लिया। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु माता रानी के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। नगर के प्रमुख जुलूस मार्गों से निकले इस भव्य जुलूस को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही। नवरात्र के उल्लास और भक्ति के माहौल में कस्बे का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय नजर आया।