गिरफ्तारी के खिलाफ वकीलों ने सुप्रीम काेर्ट परिसर में किया संविधान की प्रस्तावना का पाठ
नई दिल्ली, 13 अक्टूबर । मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा वकीलों को गिरफ्तार किए जाने का विरोध करते हुए मंगलवार काे उच्चतम न्यायालय के परिसर में अधिवक्ता जमा हुए। इस प्रदर्शन में संविधान की प्रस्तावना को पढ़ा गया और हिरासत में लिए गए वकीलों और शांतिपूर्ण प्रदर्शनों में शामिल नागरिकों के साथ एकजुटता प्रदर्शित की गई।
इस दौरान वकीलों को हिरासत में लिए जाने की निंदा की गई। विरोध में शामिल वकीलों ने कहा कि उनका मकसद संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को जताना और शांतिपूर्ण विरोध के अपने अधिकार का इस्तेमाल कर रहे वकीलों की हिरासत का विरोध करना था। इस दौरान वकीलों ने संवैधानिक संस्थाओं की आजादी और अखंडता की रक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेदों की वजह से संविधान के प्रति उनकी साझा प्रतिबद्धता कमज़ोर नहीं होनी चाहिए।










