कदमा में हथियार और कारतूस के साथ पांच आरोपित गिरफ्तार
पूर्वी सिंहभूम, 13 अक्टूबर । जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के फार्म एरिया स्थित मैदान में पुलिस ने छापेमारी कर हथियार और कारतूस के साथ पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रविनाथ मछुआ, विनय हरपाल, संतोष, निहाल और अमित कुमार साहू के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से एक देसी कट्टा और पांच कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपित लोगों को डराने-धमकाने और रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से हथियार अपने पास रखते थे।
मंगलवार को नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) ललित मीणा ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोमवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कदमा के फार्म एरिया स्थित मैदान में कुछ लोग हथियार लेकर मौजूद हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की और पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
सिटी एसपी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने एक देसी कट्टा और पांच कारतूस बरामद किए। पूछताछ के दौरान लोगों को भयभीत करने और रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से हथियार रखने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस उनके पुराने आपराधिक मामलों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपित किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में भी शामिल थे या नहीं।
पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।———










