empowerment-tribal-society-hem

जनजातीय समाज का सशक्तिकरण और योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा का लक्ष्य: हेमंत खण्डेलवाल

भोपाल, 10 अक्टूबर । मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने शनिवार को झाबुआ, आलीराजपुर और धार ग्रामीण जिले में आयोजित संगठनात्मक बैठकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और जनजातीय समाज के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और सेवा, समर्पण व अनुशासन के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा की ताकत उसकी विचारधारा, संगठनात्मक अनुशासन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। जनसंघ के समय से पार्टी ने राष्ट्रहित से जुड़े जिन विषयों को अपने संकल्पों में शामिल किया था, उन्हें पूरा करने की दिशा में लगातार काम किया है। अनुच्छेद 370 हटाना, तीन तलाक के खिलाफ कानून और अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण इसी वैचारिक यात्रा के प्रमुख पड़ाव हैं।

कांग्रेस पर साधा निशानाभाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की आजादी के बाद महात्मा गांधी ने कांग्रेस को भंग करने का सुझाव दिया था, लेकिन बाद में पार्टी एक परिवार के इर्द-गिर्द सिमटकर रह गई। उनके अनुसार, भाजपा की पहचान किसी परिवार से नहीं, बल्कि विचारधारा, संगठन और राष्ट्रसेवा के संकल्प से है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के जरिए गरीब परिवारों, महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों तक सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिले और जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल तथा रोजगार के अवसर बढ़ें।

जनजातीय संस्कृति और अस्मिता का सम्मान जरूरीहेमंत खण्डेलवाल ने आलीराजपुर को वीरों और क्रांतिकारियों की भूमि बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र शहीद चंद्रशेखर आजाद और क्रांतिकारी टंट्या मामा भील जैसे वीरों की परंपरा से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की परंपराएं, प्रकृति के प्रति आस्था और सांस्कृतिक मूल्य भारतीय विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। पूर्वजों और क्रांतिकारियों के योगदान को याद रखना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं। इस लक्ष्य को हासिल करने में संगठन के कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्हें सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ जनता से लगातार संवाद भी बनाए रखना चाहिए।

रंगोली में बच्चों की रचनात्मकता की सराहनाआलीराजपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित रंगोली कार्यक्रम में हेमंत खण्डेलवाल ने बच्चों की रचनात्मकता की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों को कल्पनाशील, विचारवान और सृजनशील बनाने के लिए प्रोत्साहित करना उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। बच्चों के सपनों और प्रतिभा को प्रोत्साहन देकर उनमें समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित किया जा सकता है।

प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, निर्माणाधीन कार्यालय का निरीक्षणप्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने झाबुआ में निर्माणाधीन भाजपा कार्यालय का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद मेघनगर तिराहे पर पूर्व सांसद स्वर्गीय दिलीप सिंह भूरिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। आलीराजपुर जिले के जोबट विधानसभा क्षेत्र में शासकीय डिग्री कॉलेज चौराहे पर क्रांतिकारी टंट्या मामा भील की प्रतिमा पर भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।

बैठकों और कार्यक्रमों में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, संपतिया उइके और नागर सिंह चौहान सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री सुमेर सिंह सोलंकी, पूर्व सांसद गुमान सिंह डामोर और संबंधित जिलों के पार्टी पदाधिकारी शामिल थे।