सतना में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या का लगाया आरोप
सतना, 9 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक नवविवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतका के मायके पक्ष ने पति और सास पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि ससुराल पक्ष 10 लाख रुपये नकद की मांग कर रहा था। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद संजय गांधी अस्पताल परिसर में मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लंबे समय से प्रताड़ित करने और दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है।
मृतका की मां आशा सिंह और बहन प्रीति सिंह, निवासी भौरा ने बताया कि अनामिका का विवाह 25 अप्रैल 2026 को समीर सिंह, पिता राजकुमार सिंह, के साथ हुआ था। शादी के समय परिवार ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार चार से पांच लाख रुपये खर्च किए थे। इसके साथ ही गृहस्थी का जरूरी सामान भी दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से 10 लाख रुपये नकद की मांग की जा रही थी।
परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने के कारण अनामिका को लगातार परेशान किया जाता था। उन्होंने पति और सास पर उसके साथ मारपीट करने का भी आरोप लगाया है।
मृतका के परिजनों के मुताबिक, शादी के बाद से ही अनामिका पर कई तरह की पाबंदियां लगा दी गई थीं। उसे मायके और अन्य रिश्तेदारों से खुलकर बातचीत करने की अनुमति नहीं थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि उसके मोबाइल फोन में रिकॉर्डिंग की व्यवस्था कर उसकी बातचीत पर नजर रखी जाती थी। अनामिका जब भी मायके वालों से बात करती थी, तो छिपकर अपनी परेशानी बताती थी।
मृतका की मां और बहन ने आरोप लगाया कि घटना से पहले रात में ससुराल में पति और सास के साथ उसका विवाद हुआ था। उनका दावा है कि सुबह अनामिका की हत्या कर दी गई और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया गया।
परिजनों ने शव के गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान होने की बात कहते हुए पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी गुहार लगाई है।
घटना के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र की बेला चौकी पुलिस कर रही है। फिलहाल, हत्या और दहेज प्रताड़ना से जुड़े आरोप मायके पक्ष की ओर से लगाए गए हैं। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।










