uk-kumaun-university-top-scien

कुमाऊं विश्वविद्यालय के पांच शिक्षाविद विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में शामिल

नैनीताल, 09 अक्टूबर । कुमाऊं विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रोफेसर एवं पर्यावरण विज्ञान निदेशक प्रो. सुरेंद्र सिंह बर्गली सहित पांच पूर्व एवं वर्तमान शिक्षाविदों को पारिस्थितिकी के क्षेत्र में वर्ष 2025-2026 के लिए स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय और एल्सेवियर से संबद्ध विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में स्थान मिला है। उनकी इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय में हर्ष का माहौल है और उन्हें बधाइयां मिल रही हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रो. बर्गली की एक-वर्षीय शोध आंकड़ों पर आधारित सूची में वैश्विक रैंक 94,796 और पारिस्थितिकी उपक्षेत्र में रैंक 1,789 है। वह पिछले वर्ष भी इस सूची में शामिल रहे थे। उनके 250 से अधिक शोधपत्र, पुस्तक अध्याय और संपादकीय प्रकाशित हो चुके हैं। वह राष्ट्रीय पारिस्थितिकी संस्थान के फेलो हैं। संस्थान ने उन्हें वर्ष 2022 में पारिस्थितिकी विज्ञान में योगदान के लिए उत्कृष्टता प्रमाणपत्र प्रदान किया था और इसी वर्ष उन्हें 10 से अधिक शोध प्रभाव-कारक प्राप्त करने के लिए प्रो. केएस वाल्दिया शोध पुरस्कार भी मिला था। कुमाऊं विश्वविद्यालय ने भी उन्हें वर्ष 2024 और 2025 में शोध, शिक्षण तथा शैक्षणिक नेतृत्व के लिए उन्हें उत्कृष्ट संकाय पुरस्कार से सम्मानित किया था।

उनके अतिरिक्त विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में कुमाऊं विश्वविद्यालय से जुड़े चार अन्य शिक्षाविदों को भी स्थान मिला है। रसायन विज्ञान के प्रो. नंद गोपाल साहू लगातार सातवें वर्ष इस सूची में शामिल हुए हैं। डीएसबी परिसर के पूर्व विद्यार्थी और बेंगलुरु स्थित वुड साइंस इंस्टीट्यूट के पूर्व वैज्ञानिक डॉ. के पांडे को वानिकी क्षेत्र में वैश्विक रैंक 19 मिली है। गणित के पूर्व विद्यार्थी और एनडीए खड़कवासला में कार्यरत डॉ. नीरज पंत भी लगातार तीसरे वर्ष परमाणु एवं कण भौतिकी में 3,157वीं रैंक के साथ सूची में शामिल हुए हैं। साथ ही जीएलए विश्वविद्यालय में कार्यरत कुविवि की पूर्व छात्रा डॉ. रूबी सिंह को भी अर्थशास्त्र एवं व्यवसाय श्रेणी के ऊर्जा क्षेत्र में 3,305वीं वैश्विक रैंक मिली है।

कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) के अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी, प्रो. नीलू लोधियाल, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. युगल, डॉ. संतोष, डॉ. शिवांगी, डॉ. कुबेर गिनती, डॉ. अनिल बिष्ट, डॉ. दीपिका गोस्वामी और डॉ. अशोक कुमार सहित एलुमनी सेल के डॉ. बीएस कालाकोटी, डॉ. एसएस सामंत, डॉ. जीसी जोशी, ज्योति कांडपाल, डॉ. मीना पांडे और डॉ. भुवन आर्य ने प्रो. बर्गली, प्रो. साहू, डॉ. पांडे, डॉ. पंत और डॉ. रूबी सिंह की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।