सांसद ने किया धुमकुड़िया भवन का शिलान्यास
खूंटी , 24 सितंबर । अड़की प्रखंड अंतर्गत कोचांग पंचायत में गुरुवार को कल्याण विभाग की योजना से बनने वाले धुमकुड़िया भवन का शिलान्यास सांसद कालीचरण मुंडा ने किया।
सांसद के साथ कांग्रेस जिला कमेटी के पदाधिकारियों का गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया।
इस अवसर पर सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि धुमकुड़िया आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और युवा शक्ति का महत्वपूर्ण प्रतीक है।
प्रस्तावित भवन युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ने के साथ पारंपरिक ज्ञान, नृत्य, भाषा और सामाजिक मूल्यों को सीखने का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि खूंटी की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और आदिवासी समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम में खूंटी जिला कांग्रेस के अध्यक्ष रवि मिश्रा भी मौजूद थे। उन्होंने धुमकुड़िया भवन की पहल के लिए सांसद और कल्याण विभाग के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अस्मिता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विभाग और संवेदक से निर्माण कार्य को पूरी ईमानदारी और गुणवत्ता के साथ पूरा करने की अपील की।
मौके पर सांसद प्रतिनिधि पीटर मुंडू, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि विलसन तोपनो, सुनीता गोप, सचिदानंद शाहदेव सहित अन्य उपस्थित थे।









