जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें : संभागायुक्त शर्मा
भोपाल, 23 सितम्बर । मध्य प्रदेश के भोपाल में संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने बुधवार को संभागायुक्त कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता जनहितकारी सेवाओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण प्रदाय सुनिश्चित करना है, अत: सभी अधिकारी प्रकरणों के निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
संभागायुक्त शर्मा ने निर्देश दिए कि सभी संभागीय अधिकारी, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण करें. इसके लिए आयोजित शिविर के पूर्व दिवस में निर्धारित क्षेत्र में लंबित सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी के प्रकरण की तैयारी सुनिश्चित करें, ताकि जन विश्वास अभियान में अधिक से अधिक जन समस्याओं का निराकरण कर विभाग प्रभावी क्रियान्वयन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
संभागायुक्त शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान -2026 में सरकार संवेदनशीलता के साथ नागरिकों की समस्याओं का समाधान उन्हीं के क्षेत्र में पहुँचकर कर रही है, ताकि नागरिकों को अपने कार्यों के लिए अलग – अलग कार्यालयों नहीं जाना पड़े। संभागायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण में केवल संख्या आधारित उपलब्धि पर नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण समाधान पर ध्यान दिया जाए। सभी अधिकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, शिकायतों का त्वरित निराकरण तथा विकास कार्यों की सतत् निगरानी सुनिश्चित करें।
संभागायुक्त्तशर्मा ने निर्देश दिए कि युवा वर्ष के लिए अधिकारीगण अभी से संबंधित विभागीय तैयारी प्रारंभ कर दे। शासन का उद्देश्य विभिन्न युवा वर्ग कल्याण योजनाओं का हितग्राहियों को अधिक से अधिक लाभ पहुँचाना है। सभी विभाग विभिन्न योजनाओं की उपलब्धि पर आधारित सफलता की कहानियां जनसंपर्क विभाग के माध्यम से जारी करवाएं, जिससे अन्य व्यक्ति भी इनसे प्रेरित होकर शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त कर सकें। बैठक में संयुक्त आयुक्त विकास विनोद यादव, उपायुक्त भारती देवी मिश्रा सहित संभाग स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।









