rangoli-rashtra-competition

महाविद्यालयों में ‘रंगोली राष्ट्र’ प्रतियोगिता, रंगों में साकार हुआ युवाओं के सपनों का भारत

बलरामपुर, 23 सितंबर । सेवा संकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ की भावना के साथ जिले के महाविद्यालयों में ‘रंगोली राष्ट्र’ प्रतियोगिता आयोजित की गई। आज बुधवार को आयोजित इस प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और रंगोलियों के माध्यम से अपने सपनों के भारत की तस्वीर उकेरी।

विद्यार्थियों ने रंगोलियों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को भी रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया। किसी ने खुशहाल गांव की तस्वीर बनाई तो किसी ने सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र की कल्पना को रंगों के माध्यम से आकार दिया।

प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि विद्यार्थियों ने रंगोलियां तैयार करने में फूल, पत्तियां, चावल, दाल, धान, रेत, मिट्टी और फलों जैसी प्राकृतिक सामग्री का उपयोग किया। इससे उनकी रचनात्मकता के साथ धरती से जुड़ाव और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता भी दिखाई दी।

अतिथियों और जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न महाविद्यालयों में तैयार रंगोलियों का अवलोकन किया और विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना की। उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को साकार करने का संकल्प भी दिलाया।

प्रतियोगिता के दौरान महाविद्यालय परिसर रंगों और रचनात्मकता से सजे नजर आए। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाओं के माध्यम से भारत के उज्ज्वल भविष्य की तस्वीर प्रस्तुत की और देश के विकास में युवाओं की भूमिका का संदेश दिया।