pm-surya-ghar-campaign

पीएम सूर्य घर योजना का प्रचार अभियान शुरू, गांव-गांव पहुंचेगा प्रचार रथ

बलरामपुर, 23 सितंबर । पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए जिले में प्रचार अभियान शुरू किया गया है। आज बुधवार को जिला संयुक्त कार्यालय से तीन प्रचार रथों को जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनी निकुंज, जनपद अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा, कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी और जिला पंचायत सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी सहित जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि, योजना का उद्देश्य आमजन को सौर ऊर्जा से जोड़ना है। उन्होंने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में योजना से जुड़ने की अपील की, ताकि बिजली बिल कम करने के साथ घरों में सौर ऊर्जा का उत्पादन भी किया जा सके।

योजना के तहत 1 से 3 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल लगाए जा सकते हैं। जिला प्रशासन के अनुसार केंद्र और राज्य सरकार की सब्सिडी के माध्यम से 1 किलोवाट पर 45 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 90 हजार रुपये और 3 किलोवाट पर 1 लाख 8 हजार रुपये तक की सहायता उपलब्ध है। बैंक ऋण की सुविधा भी योजना के तहत मिल सकती है।

प्रचार रथ पहले चरण में बलरामपुर, राजपुर और वाड्रफनगर के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचेंगे। इसके बाद जिले के अन्य क्षेत्रों को भी अभियान में शामिल किया जाएगा। प्रचार अभियान के माध्यम से लोगों को योजना की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।

योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए pmsuryaghar.gov.in पर आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर योजना के संबंध में जानकारी प्राप्त की जा सकती है।