jh-criminal-arrested-with-arms

हथियार लेकर लेवी मांगने निकले युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

खूंटी , 19 सितंबर । रनिया थाना क्षेत्र में हथियार लेकर लेवी वसूली के लिए घूम रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक देसी रिवाल्वर, दो जिंदा कारतूस, बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

गिरफ्तार युवक की पहचान जरियागढ़ थाना क्षेत्र के निधिया गांव निवासी बजेन्द्र महतो (21) के रूप में हुई है।

यह जानकारी एसपी ऋषभ गर्ग ने शनिवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में दी।

एसपी के अनुसार, 19 सितंबर को उन्हें यह सूचना मिली थी कि एक युवक बाइक से कोटांगेर से गरई रोड की ओर हथियार लेकर लेवी मांगने के लिए घूम रहा है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त मार्ग पर वाहन की तलाश की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास से देसी रिवाल्वर, दो जिंदा कारतूस, बाइक और मोबाइल फोन बरामद हुआ। एसपी के मुताबिक, पूछताछ में युवक ने अपना अपराध स्वीकार किया है। उसके मोबाइल फोन में ‘जंगी’ एप्लीकेशन भी मिला है, जिसे पुलिस ने पीएलएफआई संगठन के सदस्यों की ओर से इस्तेमाल किए जाने वाला एप्लीकेशन बताया है।

इस मामले में रनिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में अनुसंधान जारी है।

छापामारी दल में एसडीपीओ विजय कुमार सिंह के अलावा रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुम्भकार, एएसआई अशोक कुमार महतो सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।