क्षेत्र के युवाओं को खेल से जोड़ना समय की मांग : सांसद
खूंटी , 29 अगस्त । तोरपा प्रखंड के दियांकेल ऊबका मैदान में शहीद विजय मुंडू के 14वें पुण्य बलिदान दिवस के अवसर पर शहीद विजय मुंडू स्मारक समिति की ओर से आयोजित तीन दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में खेला गया। फाइनल समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद कालीचरण मुंडा शामिल हुए, वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद थे।
सांसद कालीचरण मुंडा और विधायक सुदीप गुड़िया ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। विधायक सुदीप गुड़िया ने हॉकी बॉल को स्टिक से हिट कर फाइनल मुकाबले का शुभारंभ किया। इस दौरान आयोजन समिति की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया। विधायक ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए समिति को बधाई देते हुए सहयोग राशि भी दी।
मौके पर सांसद कालीचरण मुंडा ने शहीद विजय मुंडू के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि क्षेत्र के युवाओं को खेल से जोड़ना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताएं स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देती हैं। उन्होंने युवाओं से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि शहीद विजय मुंडू का बलिदान सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के साथ अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि तोरपा विधानसभा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि पीटर मुंडू, जिप सदस्य बिरेन कंडुलना, प्रमुख रोहित सुरीन, दियांकेल मुखिया शिशिर तोपनो, मुखिया अनिल लुगुन, विधायक प्रतिनिधि तनवीर हुसैन, मुखिया लोरेन्स बागे, ईश्वरदत्त मार्शल मुंड और आयोजन समिति के सदस्य सहित अन्य उपस्थित थे।









