preparations-vidhansabha-

सोलहवीं राजस्थान विधान सभा के षष्ठम सत्र की तैयारियां अंतिम चरण में

जयपुर, 10 अगस्त । सोलहवीं राजस्थान विधान सभा का षष्ठम सत्र 20 अगस्त से प्रारंभ होने जा रहा है। सत्र के सफल, सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए विधानसभा सचिवालय द्वारा तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इस दौरान विधानसभा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात, पार्किंग, प्रवेश-निकास, विद्युत, स्वच्छता, चिकित्सा, अग्निशमन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के निर्देश पर सोमवार को विधानसभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा ने संबंधित विभागों एवं अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में सत्र के दौरान की जाने वाली सुरक्षा एवं सामान्य व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा अधिकारियों से प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में विधानसभा परिसर में वाहनों के प्रवेश एवं निकास, निर्धारित पार्किंग स्थलों, सत्रकालीन वाहन प्रवेश-पत्र, पैदल आवागमन व्यवस्था, आगंतुकों एवं प्रतिनिधिमंडलों के प्रवेश, सुरक्षा जांच, अग्निशमन एवं चिकित्सा सुविधाओं सहित सभी प्रमुख व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों से मिलने आने वाले प्रतिनिधिमंडलों के प्रवेश की व्यवस्था संबंधित मंत्री की सहमति के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुनिश्चित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

विधानसभा सचिवालय द्वारा सत्र के दौरान सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं आगंतुकों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सदन की कार्यवाही को निर्बाध रूप से संचालित करने के लिए व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूरा किया जा रहा है।

बैठक में विधानसभा के वरिष्ठ उप सचिव संजीव कुमार शर्मा सहित संबंधित विभागों एवं विधानसभा के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।