police-encounter-deoria-one-in

देवरिया : पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश घायल

देवरिया, 07 अगस्त । उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में लार थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लार और भाटपाररानी पुलिस की संयुक्त टीम कार्रवाई कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर चनुकी मोड़ के पास संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। सूचना मिलते ही लार पुलिस ने खरवनिया मोड़ पर घेराबंदी कर दी।

उन्होंने बताया कि खुद को घिरता देख आरोपी ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन फिसलकर गिर गया। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर अवैध तमंचे से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी की पहचान अजहर अंसारी (31) निवासी मटियरा जगदीश, थाना लार के रूप में हुई । आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह भाटपाररानी थाने में दर्ज गौवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के मामले में वांछित चल रहा था।

गौरतलब है कि 15 जुलाई 2026 को चनुकी पुल के रास्ते पिकअप वाहन से आठ गोवंश बिहार ले जाने के मामले में उसकी तलाश की जा रही थी।

घायल आरोपी के खिलाफ लार थाने में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में नया मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद हथियार और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।