लूटपाट के दौरान बुजुर्ग की हत्या, परिवार पर जानलेवा हमला, चार घायल
उदयपुर, 4 अगस्त । उदयपुर जिले के फतहनगर थाना क्षेत्र स्थित सनवाड़ गांव में सोमवार देर रात लूटपाट की वारदात के दौरान नकाबपोश बदमाशों ने एक बुजुर्ग की हत्या कर दी, जबकि परिवार के चार सदस्यों को पत्थरों और डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने आरोपिताें की गिरफ्तारी तक शव नहीं उठाने की चेतावनी दी।
पुलिस के अनुसार सोमवार रात करीब एक बजे सात से आठ नकाबपोश बदमाश देवीलाल गमेती (60) के घर में घुस आए। बदमाशों ने घर में मौजूद महिलाओं से गहने उतरवाने का प्रयास किया। विरोध करने पर उन्होंने देवीलाल, उनके बेटों ओंकारलाल, शिवलाल, नाती अनिल तथा अन्य पर पत्थरों और डंडों से हमला कर दिया। हमले में देवीलाल के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घायल परिजनों को सनवाड़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
घायल ओंकारलाल ने बताया कि बदमाशों ने उनकी पत्नी को घर से बाहर खींच लिया और जबरन गहने उतरवाए। विरोध करने पर परिवार के सदस्यों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। बदमाशों ने दो महिलाओं के गहने लूट लिए और किसी को घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल और घटनास्थल पर एकत्र हो गए। मौके पर पहुंचे डीएसपी चांदमल सिंगारिया और फतहनगर थानाधिकारी मदनलाल ने ग्रामीणों से समझाइश कर दो दिन के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। आरोपिताें की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।









