mp-vidisha-central-officials-inspected-pulses-self

विदिशाः केन्द्रीय अधिकारियों ने दलहन आत्मनिर्भर मिशन के अंतर्गत उड़द प्रदर्शन का किया निरीक्षण

विदिशा, 31 जुलाई । भारत सरकार, दलहन विकास निदेशालय, भोपाल के तकनीकी अधिकारी डॉ. रामनारायण एवं डॉ. संदीप सिलावट ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में दलहन आत्मनिर्भर मिशन के अंतर्गत ग्राम जैतपुरा में कृषक कानीराम मोहनलाल अहिरवार के खेत पर आयोजित उड़द फसल के प्रदर्शन का अवलोकन एवं निरीक्षण किया।

भारत सरकार की टीम के साथ कृषि विभाग जिला विदिशा के जिला सलाहकार डॉ. डीके तिवारी तथा विकासखंड विदिशा के क्षेत्रीय कृषि विस्तार अधिकारी टिनी अडलक, गजेन्द्र रघुवंशी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान कृषि वैज्ञानिक अधिकारियों के दल ने उड़द फसल की वृद्धि, पौधों के स्वास्थ्य एवं प्रदर्शन की प्रगति का अवलोकन किया। साथ ही उपस्थित किसानों से चर्चा कर फसल प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण, संतुलित उर्वरक उपयोग तथा अन्य वैज्ञानिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्रदान की गई।

अधिकारियों ने आत्मनिर्भर दलहन मिशन के महत्व को किसानों को कृषि वैज्ञानिकों द्वारा सुझाई गई तकनीकों को अपनाने की सलाह दी , जिससे उड़द का उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाई जा सके।फसल प्रदर्शन अंतर्गत उड़द की उन्नत किस्म आई पी यू 13_1 कृषक के खेत में लगाई गई है।

दलहनों का उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने जिले में आयोजित किए जा रहे दलहन प्रदर्शन –

कृषि उप संचालक सचिन जैन ने बताया कि दलहन आत्मनिर्भर मिशन का उद्देश्य किसानों के बीच उन्नत दलहनी फसलों की उत्पादन तकनीकों का प्रसार कर उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि करना तथा प्रदेश को दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास करना है।