har-ghar-tiranga-campaign

स्वतंत्रता दिवस पर हर घर तिरंगा अभियान में जनभागीदारी की अपील

जयपुर, 30 जुलाई । अस्सीवें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ भी मनाया जाएगा। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सभी विभागों को अभियान का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करते हुए अधिकाधिक जनभागीदारी पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य सचिव ने कहा कि अभियान के दौरान ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, स्वतंत्रता सेनानियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों तथा आमजन की सहभागिता से विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इन आयोजनों के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।

अभियान के अंतर्गत तिरंगा रैलियां, ‘वंदे मातरम्’ सामूहिक गायन, तिरंगा कन्सर्ट, साइकिल एवं ई-बाइक रैलियां, रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के जीवन एवं योगदान पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी विशेष गतिविधियां होंगी।

‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर देश के विभाजन की त्रासदी से प्रभावित लोगों के संघर्ष, बलिदान और साहस को स्मरण करते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से भावी पीढ़ी को इतिहास से परिचित कराने के साथ सामाजिक सद्भाव, एकता और मानवीय संवेदनाओं का संदेश दिया जाएगा।

मुख्य सचिव ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से पूरे उत्साह के साथ जुड़ें, अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराएं तथा ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेकर इस राष्ट्रीय उत्सव को जनभागीदारी का पर्व बनाएं।