पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की महती आवश्यकता : मीना
धौलपुर, 04 जुलाई । भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के गठन के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को पौधारोपण किया गया। जिले की अग्रणी सहकारी बैंक दी धौलपुर अरबन को-ऑपरेटिव बैंक के तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम में नेहरू युवा केंद्र परिसर में पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में उप रजिस्ट्रार सहकारिता विभाग सतेन्द्र सिंह मीना ने पौधारोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की महती आवश्यकता है। इसके साथ ही भावी पीढ़ी की आवश्यकताओं के लिए भी आज ही पौधे रोपने होंगे, जिससे भविष्य के लिए एक बेहतर पर्यावरण का निर्माण हो सके। मीना ने बताया कि 29 जून से 6 जुलाई तक जिले में सहकार सप्ताह मनाया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत सहकारिता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर किसानों, युवाओं और महिलाओं तक सहकारिता की पहुंच बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। सहकार सप्ताह में 5 जुलाई को नवीन पीढ़ी दिवस तथा 6 जुलाई को सहकारी महोत्सव आयोजित होगा। सचिव भूमि विकास बैंक ताराचंद मेहरा ने देश में सहकारी आंदोलन की उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा सहकारी आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। दी धौलपुर अरबन को-ऑपरेटिव बैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्षमादान सिंह चौधरी ने बताया कि बैंक द्वारा सहकार सप्ताह के दौरान सहकार एवं वाद दिवस एवं ग्रीन कोऑपरेटिव दिवस मनाते हुए पौधारोपण कार्यक्रम किया है। इसी क्रम में बैंक द्वारा अन्य सरकारी कार्यालयों के परिसर में भी पौधरोपण किया जाएगा। कार्यक्रम में बैंक के संचालक मंडल के सदस्य राजीव रस्तोगी, जेके शर्मा एवं आरिफ खान, प्रशासनिक सलाहकार राकेश बाबू,शाखा प्रबंधक प्रवीण पाल सिंह एवं शकील खान,शेखर, राजीव शर्मा, वसीम हुसैन, मानवेंद्र सिंह राना, अभिषेक वर्मा, कपिल कुमार परमार, तेजवीर सिंह, बिजेन्द्र सिंह एवं पवन कुमार सहित समस्त बैंक स्टाफ एवं बैंक ग्राहक मौजूद रहे।









