तीन माह में निर्माण शुरु नहीं करने पर ट्रांसपोर्ट नगर के भूखण्डों का आवंटन होगा निरस्त
जयपुर, 30 जून । जेडीए द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर योजना में आवंटित व्यावसायिक भूखण्डों पर निर्धारित शर्तों के अनुरूप निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं करने वाले आवंटियों को नोटिस जारी कर तीन माह का अंतिम अवसर प्रदान किया जा रहा है।
जेडीसी सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर योजना के जिन आवंटियों ने आवंटन पत्र की शर्तों के बावजूद आदिनांक तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया है, वे तीन माह के भीतर निर्माण कार्य शुरू कर इसकी सूचना जोन कार्यालय को उपलब्ध कराएं। ऐसा नहीं करने पर आवंटन पत्र की शर्तों एवं नियमों के अनुसार संबंधित भूखण्ड का आवंटन निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि योजना में निष्क्रिय पड़े भूखण्डों की नियमित समीक्षा की जाए तथा शर्तों का उल्लंघन करने वाले आवंटियों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने बताया कि जेडीए का उद्देश्य ट्रांसपोर्ट नगर योजना का व्यवस्थित एवं समयबद्ध विकास सुनिश्चित करना है, ताकि आवंटित भूखण्डों का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप हो तथा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं और व्यावसायिक गतिविधियों को गति मिल सके।









