कांटाटोली-सिरमटोली फ्लाईओवर गुणवत्तापूर्ण ससमय पूरा करें : भजन्त्री
रांची, 16 मई । उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने शनिवार को समाहरणालय कक्ष में जिले में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं, भू-अर्जन कार्यों, फ्लाईओवर एवं रेलवे परियोजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षात्मक बैठक की।
उन्होंने कहा कि कांटाटोली-सिरमटोली फ्लाईओवर सहित अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करें। निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही रैयतों को देय मुआवजा राशि का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। मुआवजा भुगतान में अनावश्यक विलंब से परियोजनाओं की प्रगति प्रभावित होती है,इसलिए संबंधित पदाधिकारी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करें।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने नारो-टिकराटोली क्षेत्र में लंबित मुआवजा भुगतान में तेजी लाने का निर्देश दिया,ताकि निर्माण कार्य बाधित न हो। वहीं कोयलारी-रामपुर इंटरचेंज परियोजना की समीक्षा करते हुए बताया गया कि थ्री-जी अवार्ड की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। उपायुक्त ने मुआवजा भुगतान शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया।
रेलवे परियोजनाओं की समीक्षा में लिंक लाइन लोधमा एवं इलू-सिल्ली परियोजना में लंबित भुगतान जल्द पूरा करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में शिथिलता बरतने वाले कर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी।









