हजारीबाग के गोरहर में दो सड़क दुर्घटनाएं, दो लोगों की मौत, तीन घायल
हजारीबाग, 10 मई । हजारीबाग जिले के गोरहर थाना क्षेत्र में रविवार को कुछ ही घंटों के भीतर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। लगातार हुई इन दुर्घटनाओं के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया।
पहली दुर्घटना रविवार सुबह गोरहर थाना क्षेत्र में हुई। सब्जियों से लदा एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी के रूप में की गई है।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। गोरहर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। वाहन में चालक का शव बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। लंबे प्रयास के बाद शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग भेज दिया।
पहली घटना के कुछ ही समय बाद सुबह करीब 10 बजे गोरहर गांव के समीप एक और सड़क हादसा हो गया। यहां एक के बाद एक चार वाहन आपस में टकरा गए। इस श्रृंखलाबद्ध दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही गोरहर थाना प्रभारी रवि रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों हादसों में शामिल वाहनों को जब्त कर लिया गया है। सड़क पर यातायात व्यवस्था बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही दुर्घटनाओं के कारणों की तकनीकी जांच भी शुरू कर दी गई है।
इधर, लगातार हो रहे सड़क हादसों से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की खराब स्थिति, तीखे मोड़ और तेज रफ्तार वाहनों के कारण यह इलाका अब दुर्घटना संभावित ‘ब्लैक स्पॉट’ बन चुका है। लोगों का कहना है कि यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।









