police-seized-illegal-liquor

सागर: खुरई पुलिस ने 300 पाव अवैध शराब के साथ तस्कर को दबोचा

सागर, 07 मई । मध्य प्रदेश के सागर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खुरई शहर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने गुरुवार को 300 पाव अवैध शराब से साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त और अपराधियों की धरपकड़ के लिए भ्रमण पर थी। इसी दौरान प्रधान आरक्षक राजा बेदी को सूचना मिली कि ग्राम खजरा हरचंद रोड स्थित ईंट भट्टा के पास एक व्यक्ति दो बोरियों में अवैध शराब लेकर ग्राहक की तलाश में खड़ा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी के नेतृत्व में टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही संदिग्ध ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने उसे दौड़कर पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान गोविंद पिता स्व. शंकर रैकवार (25 वर्ष), निवासी ग्राम खजरा हरचंद के रूप में हुई है। जब पुलिस ने आरोपी के पास मौजूद दो बोरियों की तलाशी ली, तो उसमें 300 पाव देशी लाल मसाला शराब बरामद हुई।

पूछताछ के दौरान आरोपी शराब के परिवहन या संग्रहण से संबंधित कोई भी वैध लाइसेंस या दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने तत्काल शराब जप्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।पुलिस ने आरोपी गोविंद रैकवार के विरुद्ध थाना खुरई शहर में अपराध क्रमांक 114/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह शराब कहाँ से लाया था और इसे कहाँ खपाने की तैयारी थी।————–