jh-home-guard-jawan-dies-after

अज्ञात वाहन के टक्कर से होमगार्ड जवान की मौत

पलामू, 02 मई । जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र के लालगढ़ गांव में शिव मंदिर के समीप शनिवार को अज्ञात वाहन के टक्कर से होमगार्ड जवान की मौत हो गई। मृतक की पहचान पंजीरी कला गांव निवासी जीतू मोची (58) के रूप में की गई है। जीतू मोची पांच वर्षों से पड़वा थाना क्षेत्र के रजहरा कोयलवरी में कार्यरत थे। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार जीतू मोची शनिवार सुबह ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी क्रम में अज्ञात वाहन के टक्कर से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने उन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस पदाधिकारी और जवान महेंद्र कुमार और विकास कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली। शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।

मृतक होमगार्ड जवान के परिजनों से एमएमसीएच में शनिवार को कमांडेंट दीपक कुमार मिले और अंतिम संस्कार के लिए 10 हज़ार रुपये की आर्थिक मदद की। कमांडेंट ने घटना पर दुख व्यक्त किया और सरकारी प्रावधान के तहत अन्य मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। मौके पर बड़ी संख्या में होमगार्ड जवान और मृतक के परिजन मौजूद रहे।