police-service-is-not-just-a-j

पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज एवं राष्ट्र के प्रति एक महत्वपूर्ण दायित्वः पुलिस कमिश्नर

नोएडा, 26 अप्रैल । कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में आधारभूत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 566 रिक्रूट आरक्षियों का रविवार को पुलिस लाइन में दीक्षांत परेड का भव्य आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह द्वारा परेड की सलामी ग्रहण की गई।नव प्रशिक्षित आरक्षियों को सम्बोधित करते हुए उन्होने कहा कि “पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज एवं राष्ट्र के प्रति एक महत्वपूर्ण दायित्व है। आप सभी को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को सुदृढ़ करना है। आधुनिक पुलिसिंग के इस दौर में संवेदनशीलता, तत्परता एवं निष्पक्षता अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने आगे कहा कि “आप सभी से अपेक्षा है कि अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ करते हुए जनता के साथ सकारात्मक संवाद स्थापित करेंगे तथा पुलिस की छवि को और अधिक सशक्त एवं जनोन्मुखी बनाएंगे। गौतमबुद्धनगर पुलिस सदैव तकनीक-आधारित, पारदर्शी एवं उत्तरदायी पुलिसिंग के लिए प्रतिबद्ध है और आप सभी इस उद्देश्य की प्राप्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। पुलिस आयुक्त द्वारा आधारभूत प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों, आईटीआई-पीटीआई प्रशिक्षकों एवं अन्य प्रशिक्षण स्टाफ को स्मृति चिन्ह एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके कार्य की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दी गईं।

इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त पुलिस लाइन शैलेंद्र सिंह ने बताया कि 21 जुलाई 2025 को रिक्रूट आरक्षियों द्वारा आरटीसी, गौतमबुद्धनगर में आमद कराते हुए प्रशिक्षण प्रारम्भ किया गया। प्रशिक्षण निदेशालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप इन सभी आरक्षियों को 20 अनुभागों में विभाजित कर 9 माह की अवधि में उच्च स्तरीय एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के कुशल मार्गदर्शन तथा नोडल अधिकारी आरटीसी के सतत पर्यवेक्षण में शारीरिक दक्षता, कानून व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, मानवाधिकार, सामुदायिक पुलिसिंग एवं व्यवहारिक कौशल से सम्बंधित व्यापक प्रशिक्षण दिया गया।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशिक्षण निदेशालय द्वारा 5 निरीक्षक अध्यापक, 5 उपनिरीक्षक अध्यापक, 2 कम्प्यूटर ऑपरेटर, 20 आईटीआई तथा 11 पीटीआई की नियुक्ति की गई, जिनके माध्यम से आरक्षियों को आधुनिक पुलिसिंग के अनुरूप सक्षम एवं दक्ष बनाया गया।

रविवार को आयोजित हुए परेड का संचालन प्रथम परेड कमांडर रिक्रूट आरक्षी राजेश कुमार द्वारा किया गया। इनमें प्रथम समूह (पुलिस का इतिहास) रिक्रूट आरक्षी आकाश, द्वितीय समूह (पुलिस विज्ञान प्रथम) रिक्रूट आरक्षी अनिल कुमार, तृतीय समूह (पुलिस विज्ञान द्वितीय) रिक्रूट आरक्षी मधुसूदन, चतुर्थ समूह (भारतीय संविधान) रिक्रूट आरक्षी तरुण सिकरवार, पंचम समूह (बीएनएस-बीएनएसएस) रिक्रूट आरक्षी सोनू यादव, षष्टम समूह (विविध अधिनियम) रिक्रूट आरक्षी महावीर सिंह, सप्तम समूह (कम्प्यूटर ज्ञान) रिक्रूट आरक्षी अतुल कुमार, अष्टम समूह (विधि विज्ञान) रिक्रूट आरक्षी जय सिंह, शारीरिक प्रशिक्षण में रिक्रूट आरक्षी राजेश कुमार, पदाति प्रशिक्षण में रिक्रूट आरक्षी यश विश्नोई, शस्त्र प्रशिक्षण में रिक्रूट आरक्षी अनूप कुमार, जंगल प्रशिक्षण में रिक्रूट आरक्षी रोहित, भीड़ नियंत्रण में रिक्रूट आरक्षी फखरुद्दीन खान, यू0ए0सी0 में रिक्रूट आरक्षी गजेन्द्र सिंह, योगासन में रिक्रूट आरक्षी सुन्दरम, यातायात नियंत्रण में रिक्रूट आरक्षी राज कुमार, आतंकवाद एवं डकैती विषय में रिक्रूट आरक्षी अजय चौधरी, विशिष्ट तलाशी अभियान में रिक्रूट आरक्षी हरविन्दर सिंह, साक्षात्कार में प्रथम स्थान प्राप्त रिक्रूट आरक्षी शेखर तोमर, अन्तः विषय में रिक्रूट आरक्षी वंश, वाह्य विषय में रिक्रूट आरक्षी उत्तम तेवतिया तथा सर्वांग सर्वाेत्तम प्रदर्शन हेतु रिक्रूट आरक्षी आकाश को सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही उत्कृष्ट आईटीआई मनीष कुमार, उत्कृष्ट पीटीआई जवाहर सिंह, उत्कृष्ट अध्यापक विजयकान्त मिश्र, प्रथम परेड कमाण्डर रिक्रूट आरक्षी राजेश कुमार, द्वितीय परेड कमाण्डर रिक्रूट आरक्षी यशपाल सिंह, तृतीय परेड कमाण्डर रिक्रूट आरक्षी यश जैन, उद्घोषक सुनील भारद्वाज एवं श्रीमती शिखा शर्मा तथा प्रभारी आरटीसी नेकराम सिंह को भी स्मृति चिन्ह-प्रशस्ति से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के उद्बोधन का सीधा प्रसारण वर्चुअल माध्यम से परेड ग्राउंड पर किया गया, जिसे उपस्थित सभी पुलिस कर्मियों एवं दर्शकों ने सुना। लगभग 1500 पुलिस परिवारजन एवं दर्शकगण कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त लाइन-आरटीसी शैलेन्द्र कुमार सिंह, पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा जोन डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त नोएडा श्रीमती मनीषा सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल नोएडा आर0 के0 गौतम, सहायक पुलिस आयुक्त मुख्यालय कल्पना गुप्ता, सहायक पुलिस आयुक्त लाइन राकेश प्रताप सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर पवन कुमार सहित अन्य अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।