सहायक अध्यापक 18 अप्रैल को करेंगे मुख्यमंत्री आवास का घेराव
खूंटी, 12 अप्रैल । अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 18 अप्रैल को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे और धरना तथा आमरण अनशन करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर झारखंड राज्य प्रशिक्षित अध्यापक संघ एवं झारखंड राज्य आकलन प्रशिक्षित सहायक अध्यापक संघ की बैठक रविवार को जिलाध्यक्ष संजय पाठक की अध्यक्षता में कचहरी मैदान में आयोजित की गई।
संजय पाठक ने कहा कि खूंटी जिला के तमाम साथी होंगे। जब तक मांग पूरी नहीं होगी, हम अपना आंदोलन जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी माटी की है, यह सोच हम सबों ने कभी आंदोलन का रास्ता अख्तियार नहीं किया, किंतु हर बार छलावा होता रहा। हमलोग 2002 से झारखंड के नौनिहालों का भविष्य संवारते संवारते हम अपना भविष्य चौपट कर बैठे हैं।
इस बात को सरकार को समझना चाहिए, सहायक अध्यापक में 99 प्रतिशत स्थानीय मूलवासी आदिवासी खाटी झारखंडी हैं। उसके बाद भी सरकार हमें अल्प मानदेय में जीने को मजबूर कर रही है , जबकि एक ही छत के नीचे एक कार्य कर रहे हैं। एक शिक्षक को 60 से 80 हजार और सहायक अध्यापकों 19 हजार से 21 हजार रुपये मिलते हैं, यह कैसी समानता है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकार की ओर से विभागीय आकलन की परीक्षा ली गई, उसमें भी हम लोगों ने अपनी दक्षता साबित की। अतः सरकार आकलन को टेट के समतुल्य मान्यता देते हुए हम सभी को वेतनमान दे।
बैठक में बुधन सिंह मुंडा, रविन्द्र मुंडा, विकास मुंडा , दिलीप पाढ़ी, गौरांग मुंडा,पतरस गुड़िया, कुंदन मुंडा, नामलेन नाग, मीना भोजराज, सुभाष सिंह सहित कई शिक्षक उपस्थित थे।









