police-station-surrounded-suspicious-death-married

विवाहिता की संदिग्ध मौत पर थाने का घेराव: दो घंटे के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

उदयपुर, 10 अप्रैल । उदयपुर शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पीहर पक्ष के लोगों ने शुक्रवार को थाने का घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

पुलिस के अनुसार बेड़वास क्षेत्र में रहने वाली 19 वर्षीय भावना कुंवर, पत्नी हेमेन्द्र सिंह की 2 अप्रैल को तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई थी। उसे पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे महाराणा भूपाल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

भावना का पीहर वल्लभनगर क्षेत्र के मंदेरिया-दरौली गांव में है। परिजनों ने शुरुआत से ही उसकी मौत को संदिग्ध बताते हुए पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की थी, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस इस मामले में लगातार टालमटोल करती रही। इससे नाराज होकर शुक्रवार को पीहर पक्ष के लोग और राजपूत समाज के विभिन्न संगठनों के सदस्य प्रतापनगर थाने के बाहर एकत्रित हो गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन में महिलाओं की भी बड़ी संख्या मौजूद रही। वल्लभनगर की पूर्व विधायक प्रीति शक्तावत और राजपूत करणी सेना के कई पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और परिजनों की मांग का समर्थन किया। इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।

भावना के भाई अर्जुन सिंह का आरोप है कि उसके पति हेमेन्द्र सिंह का किसी अन्य युवती से संबंध था। जब भावना ने मोबाइल में चल रही चैट देख ली और विरोध किया तो पति अक्सर नशे की हालत में उसके साथ मारपीट करता था और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। परिजनों के अनुसार 1 और 2 अप्रैल को भी भावना के साथ मारपीट की गई थी। जब वह अस्पताल में भर्ती हुई तो उसके गले, हाथ और पैरों पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष ने घटना की जानकारी समय पर नहीं दी।

करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद डीएसपी सूर्यवीर सिंह और अन्य अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। इसके बाद पुलिस ने पति हेमेन्द्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया और आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मामले की सच्चाई सामने लाई जाएगी।