बलरामपुर : महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिली आर्थिक मजबूती
बलरामपुर, 24 मार्च । राज्य शासन की महतारी वंदन योजना ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। योजना के माध्यम से मिल रही नियमित आर्थिक सहायता से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और अपने परिवार की जिम्मेदारियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
विकासखंड वाड्रफनगर के ग्राम बरती की निवासी निशा देवांगन भी इस योजना से लाभान्वित होकर अपनी आजीविका को सुदृढ़ कर रही हैं। सीमित संसाधनों वाले कृषक परिवार से जुड़ी निशा को पहले खेती के लिए बीज, खाद और अन्य आवश्यक सामग्री जुटाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली सहायता राशि से अब खेती से जुड़े छोटे-छोटे खर्च आसानी से पूरे हो पा रहे हैं। इससे न केवल उनकी निर्भरता कम हुई है, बल्कि समय पर खेती के कार्य भी संभव हो रहे हैं।
निशा का कहना है कि इस योजना ने उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाया है और वे अब परिवार की आय बढ़ाने में भी योगदान दे पा रही हैं। योजना के माध्यम से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है और वे अपने पैरों पर खड़ी होने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।









