बीकानेर में 19 से 29 मार्च तक होगा चैत्र नवरात्रि देवी भागवत कथा व महायज्ञ महोत्सव
बीकानेर, 15 मार्च । बीकानेर में चैत्र नवरात्रि के अवसर पर गंगाशहर रोड स्थित अग्रवाल भवन परिसर में 19 से 29 मार्च तक 11 दिवसीय भव्य देवी भागवत कथा और महालक्ष्मी महायज्ञ महोत्सव आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन कृष्णगिरी स्थित श्री पार्श्व पद्मावती शक्तिपीठ तीर्थ धाम के पीठाधीश्वर वसंत विजयानंद गिरी के सान्निध्य में संपन्न होगा।
गुरुभक्त संकेश जैन ने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक पूजा-अर्चना, जप तथा कुबेर-लक्ष्मी यंत्र साधना होगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक काशी के विद्वान पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ 9 कुंडीय विराट महायज्ञ कराया जाएगा, जिसमें मेवा, चंदन की लकड़ियां और देशी घी की आहुतियां दी जाएंगी।
रात्रि 8 बजे से जगद्गुरु के श्रीमुख से देवी भागवत कथा का वाचन होगा, वहीं प्रतिदिन भजन संध्या में ख्यातिप्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन के दौरान प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी रहेगी। उन्होंने बताया कि अग्रवाल भवन परिसर में 35 से 45 फीट ऊंचे अस्थायी मंदिरों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें गणपति, भैरव, शिव-पार्वती, लक्ष्मीनारायण, दुर्गा, सिद्धिदात्री, महागौरी, करणी माता, सरस्वती, श्रीराम परिवार और हनुमान सहित कुल 14 देवी-देवताओं के मंदिर शामिल होंगे, जो नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेंगे।









