gurugram-cm-flying-raid

गुरुग्राम: फार्म हाउस पर शराब पार्टी में सीएम फ्लाइंग ने मारा छापा, संचालक काबू

गुरुग्राम, 13 मार्च । पुलिस व सीएम फ्लाइंग ने गांव बलियावास स्थित छाबड़ा फार्म पर चल रही अवैध शराब और हुक्का पार्टी पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में विदेशी शराब और हुक्का बरामद कर पार्टी संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि डीएलएफ फेज-एक थाने में मामला दर्ज किया गया।

जानकारी के अनुसार सीएम फ्लाइंग (पूर्व) को सूचना मिली कि बलियावास के छाबड़ा फार्म पर लोकेश नाम का व्यक्ति बिना किसी अनुमति के कमर्शियल संस्थान पर हुक्का बार और शराब पार्टी का संचालन कर रहा है। जिस पर ग्वाल पहाड़ी चौकी के सब-इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने सीएम फ्लाइंग के एचसी कांस्टेबल अमित कुमार और एएसआई जितेंद्र कुमार के साथ मिलकर फार्म पर छापा मारा। वहां 30-35 लोग तेज संगीत के बीच शराब और हुक्के का सेवन कर रहे थे। जांच करने पर पता चला कि संचालक के पास शराब परोसने या हुक्का बार चलाने का कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं था। पुलिस ने मौके से पांच बड़े हुक्के और छह अलग-अलग फ्लेवर बरामद किए है। तलाशी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में महंगी और विदेशी ब्रांड की शराब मिली। बरामद की गई बोतलों में गोल्ड लेबल, टैनक्रे जिन, एब्सोल्यूट वोदका, डबल ब्लैक, सुला वाइन, ग्रे गूज वोदका, कोरोना बीयर और सिल्वर पेट्रोन शामिल रहीं। इनमें जिनमें 19 भरी हुई और छह खाली बोतलें शामिल हैं। पुलिस ने पार्टी संचालक लोकेश निवासी पंजाबी बाग, दिल्ली को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने ग्राहकों को अवैध रूप से शराब परोसकर आबकारी अधिनियम और हुक्का बार चलाकर कोटपा एक्ट 2003 की धारा का उल्लंघन मिला। जिस पर पुलिस ने डीएलएफ फेज-एक थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।