flower-festival-colourful-pl

पानीपत: आर्य पीजी कॉलेज में ‘पुष्पोत्सव 2026’ का भव्य आगाज़

पानीपत, 10 मार्च । पानीपत स्थित आर्य कॉलेज की ‘बोटैनिकल सोसाइटी’ द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘पुष्पोत्सव का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। कॉलेज के ‘न्यू साइंस ब्लॉक’ में आयोजित इस प्रदर्शनी ने प्रकृति प्रेमियों और विद्यार्थियों का मन मोह लिया। बॉटनी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. बलकार सिंह ने कहा कि बॉटनी विभाग का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को पौधों की दुनिया से रूबरू करवाना है। इस बार हमने ‘पिटुनिया’ की दुर्लभ किस्मों और हाइब्रिड रंगों पर विशेष ध्यान दिया है। विशेष रूप से पिटुनिया अलग-अलग रंगों और पैटर्न्स स्टार और स्ट्राइप्ड वाले पिटुनिया आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे। वहीं दुर्लभ किस्म के काले और गहरे बैंगनी रंग के फूलों ने विद्यार्थियों और आम जनता का विशेष ध्यान खींचा। साथ ही कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा फूलों को कलात्मक ढंग से सजाया गया था।

यह सारे पौधे हाइड्रो पोनिक्स विधि द्वारा तैयार किए गए हैं इस विधि में मिट्टी की बजाय कोकोपित का इस्तेमाल किया जाता है। इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधक समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र शिंगला ने अपने संबोधन में कहा कि प्रकृति और शिक्षा का गहरा नाता है। ‘पुष्पोत्सव’ जैसे आयोजन विद्यार्थियों में न केवल सौंदर्यबोध विकसित करते हैं, बल्कि उन्हें पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी का भी अहसास कराते हैं। आर्य कॉलेज हमेशा से सर्वांगीण विकास का पक्षधर रहा है और यह प्रदर्शनी उसी दिशा में एक सराहनीय कदम है। इस अवसर पर श्रीमती ललिता व डॉ. पूजा जैन की मुख्य भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के विभिन्न विभागों के प्राध्यापक और भारी संख्या में शहर के नागरिक उपस्थित रहे।