ayushman-campaign-surajpur

सूरजपुर : 26 से 28 फरवरी तक आयुष्मान महाअभियान, शत-प्रतिशत पंजीयन के निर्देश

सूरजपुर, 23 फ़रवरी । जिले में 26 से 28 फरवरी तक तीन दिवसीय आयुष्मान महाअभियान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर एस. जयवर्धन ने सोमवार को समय-सीमा की बैठक में संबंधित अधिकारियों को माइक्रोप्लान बनाकर अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कपिल पैकरा को स्वास्थ्य विभाग, मितानिन, पंचायत एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान चलाने को कहा। पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, सीएचओ, आरएचओ सहित मैदानी अमले को सक्रिय करते हुए मोहल्लों और चौक-चौराहों पर शिविर लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही घर-घर जाकर आयुष्मान और वय वंदना आयुष्मान कार्ड बनाने पर जोर दिया गया, ताकि जिले के पात्र हितग्राहियों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित किया जा सके।

कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की कि वे तीन दिवसीय महाअभियान में अधिक से अधिक भाग लें और योजना से जुड़कर अपने परिवार को स्वास्थ्य सुरक्षा कवच प्रदान करें।

बैठक में 25 फरवरी तक संचालित फाइलेरिया सामूहिक दवा सेवन अभियान की भी समीक्षा की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि सूरजपुर, रामानुजनगर और प्रेमनगर विकासखंडों में अभियान संचालित है। 22 फरवरी की स्थिति में 3 लाख 39 हजार 433 हितग्राहियों, अर्थात 81 प्रतिशत लक्षित आबादी ने फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन किया है। कलेक्टर ने शेष हितग्राहियों तक पहुंच बनाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।

बैठक में डीएफओ डीपी साहू, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा सहित जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।