मंदसौरः प्रधानमंत्री कॉलेज आफ एक्सीलेंस में हर्बल कलर निर्माण विषय पर कार्यशाला का आयोजन
मंदसौर, 17 फ़रवरी । मध्य प्रदेश के मंदसौर में मंगलवार को प्रधानमंत्री कॉलेज आफ एक्सीलेंस, राजीव गाँधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में होली के पावन अवसर को दृष्टिगत रखते हुए महाविद्यालय के वनस्पति विभाग एवं इको क्लब के संयुक्त तत्वावधान में हर्बल कलर निर्माण विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
प्राचार्य प्रो. जे.एस. दुबे ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को रासायनिक रंगों के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए प्राकृतिक एवं पर्यावरण अनुकूल रंगों के निर्माण की विधि सिखाना था, ताकि वे सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक तरीके से होली का उत्सव मना सकें।
कार्यशाला में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में डॉ. प्रेरणा मित्रा ने विद्यार्थियों को स्टार्च पाउडर एवं विभिन्न हर्बल रंगों के माध्यम से गुलाल तैयार करने की संपूर्ण प्रक्रिया का सजीव प्रदर्शन (डेमो) प्रस्तुत किया । आपने बताया कि किस प्रकार चुकंदर, हल्दी, पालक, पलाश एवं अन्य पुष्पों और पत्तियों से प्राकृतिक रंग तैयार किए जा सकते हैं । स्टार्च पाउडर को आधार सामग्री के रूप में उपयोग कर उसमें प्राकृतिक रंगों का संतुलित मिश्रण कर हम कम खर्च में हमारी त्वचा एवं पर्यावरण के लिए सुरक्षित गुलाल तैयार कर सकते हैं । डॉ. मित्रा ने हर्बल गुलाल में प्राकृतिक सुगंध के लिए हर्बल इत्रों का उपयोग किया ।
इस अवसर पर महाविद्यालय के रसायन शास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष खुशबू मंडावरा, प्राणिकी विभाग के विभागाध्यक्ष सिद्दार्थ बरोड़ा एवं अन्य प्राध्यापकगण भी उपस्थित रहे । सभी ने इको क्लब की इस पहल की सराहना की एवं कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में पारंपरिक रूप से मनाए जाने वाले भारतीय उत्सवों एवं त्यौहारों के प्रति आकर्षण बढ़ाते हैं ।









