सीयू के दूरवर्ती शिक्षा केंद्र में ऑनलाइन पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने का आखिरी मौका, 5 मार्च तक आवेदन
धर्मशाला, 17 फ़रवरी । हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के दूरवर्ती एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 5 मार्च तक आवेदन किए जा सकते हैं। इन विषयों में एमबीए में 500, एमसीए में 300 तथा एम.ए. इतिहास, अर्थशास्त्र और राजनीति विज्ञान में सीटों की संख्या असीमित है जिनमें प्रवेश लिया जा सकता है। इन ऑनलाइन कार्यक्रमों में छात्र कहीं से भी, कभी भी पढ़ सकते हैं तथा परीक्षा भी अपने घरों से दे सकते हैं।
केंद्र के उप निदेशक डॉ. चमन लाल तथा सहायक निदेशक डॉ. हरीश गौतम ने कहा कि जो ई-पाठ्य सामग्री स्वयम पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाई जा रही है, उसे विश्वविद्यालय के अनुभवी, एवं ज्ञानवान शिक्षकों द्वारा तैयार किया गया है, जिसके लिए शिक्षकों ने बहुत मेहनत की है। समय-समय पर विद्यार्थियों के लिए विशेष ऑनलाइन सत्रों का आयोजन भी किया जाता है जिसमें विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम से संबंधित कोई संदेह अथवा जिज्ञासा हो तो उसका समाधान इन्हीं शिक्षकों द्वारा किया जा रहा है। केंद्र के विभिन्न आनलाईन कार्यक्रमों में प्रवेश एवं परीक्षा प्रभारी डॉ. हेमराज बंसल ने बताया कि इन ऑनलाइन कार्यक्रमों में प्रवेश संबंधित सभी जानकारी तथा प्रोस्पेक्टस केंद्र की वेबसाइट www.cdoe.cuhimachal.ac.in पर उपलब्ध है और इच्छुक छात्र समर्थ पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
अधिष्ठाता अकादमिक प्रो. प्रदीप ने कहा कि दूरवर्ती एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र द्वारा समस्त विद्यार्थियों को प्रवेश, परीक्षा और परिणाम की सभी सुविधाएं ऑनलाइन माध्यम से प्रदान की जा रही हैं और विद्यार्थियों को परिसर आने की आवश्यकता नहीं है।
उधर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एसपी बंसल ने कहा कि दूरवर्ती शिक्षा केंद्र द्वारा शिक्षा को एक नए आयाम तक पहुंचाया है। यह केंद्र विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रो. बंसल ने कहा कि ऑनलाइन शिक्षा के माध्यम से हम शिक्षा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचा सकते हैं, और यह हमारे लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने बताया कि केंद्र की कोशिश है कि विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान की जाए और इसके लिए विश्वविद्यालय के अनुभवी शिक्षकों की टीम काम कर रही है।
केंद्र के निदेशक प्रो. विशाल सूद ने बताया कि अगस्त 2025 का सत्र सफलतापूर्वक चल रहा है और फरवरी 2026 सत्र के लिए भी लगातार विद्यार्थियों के आवेदन प्राप्त हो रहे हैं।









